

दुर्गापुर : कांकसा के बामुनारा इलाके के तपोवन सिटी निवासी अशोक कुमार राय नामक एक बुजुर्ग व्यक्ति से 'लाइफ सर्टिफिकेट' (जीवन प्रमाण पत्र) अपडेट करने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। ठगी का अहसास होने पर उन्होंने पिछले साल 27 नवंबर को कांकसा थाने के साइबर विभाग में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर कांकसा थाने की साइबर सेल ने जांच शुरू की। पता चला है कि किस्तों में उनसे कुल 6 लाख 22 हजार रुपये ठगे गए थे। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मुख्य आरोपी मुंबई में छिपा है। सूचना मिलते ही कांकसा थाने की पुलिस जनवरी के पहले सप्ताह में मुंबई के लिए रवाना हो गई। वहां जाल बिछाने के दो दिन बाद, 5 जनवरी को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने में कामयाब हुई थी। गिरफ्तार अभियुक्त का नाम अबू दरदा अहमद है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि मुंबई में उसके कई सैलून है। अभियुक्त को 6 तारीख को मुंबई की अदालत में पेश किया गया, जिसके बाद ट्रांजिट रिमांड पर कांकसा पुलिस उसे शुक्रवार रात थाने लेकर आई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शनिवार को उसे दुर्गापुर न्यायालय में पेश किया जाएगा। कांकसा थाने के साइबर अधिकारियों ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद से ही वे तकनीकी सहायता से अभियुक्त की तलाश कर रहे थे। पुलिस अब अभियुक्त को हिरासत में लेकर यह पूछताछ करेगी कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल है और क्या वह अन्य साइबर ठगी की घटनाओं से भी जुड़े हैं।