

संजय, सन्मार्ग संवाददाता
बर्दवान : सही नियमों के अनुसार काम नहीं होने का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को कालना नगर पालिका के 8 नंबर वार्ड में सड़क निर्माण का कार्य कालना नगर के बीजेपी कार्यकर्ताओं ने बंद करा दिया। बीजेपी कार्यकर्ताओं का आरोप है कि 2026 के 13 जनवरी को कालना के सरकार मोड़ से सुकृति पाल के घर तक सड़क बनाने का वर्क ऑर्डर जारी हुआ था। चुनाव से पहले इसका कुछ काम पूरा हो गया था, लेकिन कुछ हिस्सा बाकी रह गया था। अचानक कल से बंधु समिति क्लब के सामने उसी सड़क का काम शुरू कर दिया गया। आरोप है कि तय जगह पर काम न होकर, वह काम कालना के 8 नंबर वार्ड की तरफ किया जा रहा था। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि इसके पीछे जरूर कोई न कोई भ्रष्टाचार है और कालना नगर पालिका की चेयरमैन रीना बनर्जी भी इसमें शामिल हैं। इसके साथ ही बीजेपी कार्यकर्ताओं का दावा है कि जब 60 दिनों के भीतर काम पूरा होना था, तो सितंबर महीने में काम क्यों शुरू किया जा रहा है? उन्होंने बताया, हमने ठेकेदार से पूछताछ की थी, लेकिन वे सही वर्क ऑर्डर नहीं दिखा सके, इसलिए हमने काम रुकवा दिया।" घटना की सूचना मिलने पर कालना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बात की। दूसरी ओर, काम करने वाली एजेंसी का दावा है कि काम बिल्कुल नियमों के अनुसार ही हो रहा है। एजेंसी का कहना है कि यह नगर पालिका का काम नहीं है, बल्कि MED (Municipal Engineering Directorate) विभाग के आदेश के तहत सड़क बनाई जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार करके सड़क का काम बंद कराया गया है, हालांकि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने इस आरोप से इनकार किया है। इस पूरे मामले पर कालना नगर पालिका की चेयरमैन रीना बनर्जी ने कहा कि जहां जो काम होना चाहिए, वहीं हो रहा है। इसे हमारी कालना नगर पालिका नहीं देख रही है, बल्कि MED विभाग देख रहा है। इसलिए इसके अलावा वे और ज्यादा कुछ नहीं कह सकती।