

सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : आसनसोल चेंबर ऑफ कॉमर्स (एसीसी) ने आसनसोल के पुनर्जीवन एवं विकास के लिए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री, राज्य की उद्योग मंत्री ,समस्त मंत्रिमंडल, विधायकगण तथा सभी संबंधित सरकारी पदाधिकारियों से निवेदन किया है कि आसनसोल को फ्लाईओवर और मेट्रो रेलवे की आवश्यकता से अधिक तत्काल आवश्यकता आसनसोल के बाजार को सुव्यवस्थित और पुनर्जीवित करने की है। आसनसोल चेंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव शंभूनाथ झा ने मेल के माध्यम से कहा है कि आसनसोल बाजार की स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है। बाजार में लोगों के चलने के लिए पर्याप्त रास्ता नहीं है, वाहनों की पार्किंग की कोई सुव्यवस्थित व्यवस्था नहीं है और आम लोगों को खरीदारी करने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसका सीधा असर हमारे व्यापारियों पर पड़ रहा है और धीरे-धीरे व्यवसाय आसनसोल से बाहर जाने की स्थिति में पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि मेरी सरकार और प्रशासन से विनम्र अपील है कि सबसे पहले आसनसोल बाजार को व्यवस्थित किया जाए। बेहतर पार्किंग व्यवस्था, पैदल चलने के लिए पर्याप्त स्थान, अतिक्रमण का उचित समाधान, यातायात व्यवस्था और बाजार के समुचित विकास पर तत्काल ध्यान दिया जाए। इसके साथ ही आसनसोल में वर्षों से बंद पड़े ग्लास फैक्ट्री, सेनरेले कारखाना, ब्लू फैक्ट्री और इंडियन ऑक्सीजन जैसे औद्योगिक प्रतिष्ठानों की जमीन और परिसंपत्तियों का सदुपयोग करते हुए यहां नए उद्योग स्थापित करने की दिशा में ठोस पहल होनी चाहिए। आसनसोल में नए उद्योग आएंगे, रोजगार के अवसर पैदा होंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, तभी हमारे बाजारों में फिर से रौनक लौटेगी और आसनसोल वास्तव में पुनर्जीवित होगा।