भ्रष्टाचारियों के खिलाफ अपनायी जायेगी जीरो टॉलरेंस की नीति : अग्निमित्रा पॉल

निगम या डीएम कार्यालय में बैठकर सुनेंगी लोगों की समस्याएं
भ्रष्टाचारियों के खिलाफ अपनायी जायेगी जीरो टॉलरेंस की नीति : अग्निमित्रा पॉल
Published on

आसनसोल / बर्नपुर : राज्य के नगर एवं शहरी विकास और नगरपालिका मामलों की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने चित्रा मोड़ स्थित सम्मान समारोह के दौरान मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि बंगाल में भ्रष्टाचारियों को छोड़ा नहीं जायेगा। तृणमूल कांग्रेस और उसके शीर्ष नेतृत्व पर तीखा हमला बोलते हुये कहा कि कानून से ऊपर कोई नहीं है। ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी का नाम लेते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि भारत के नियम, कानून और संविधान से ऊपर कोई भी नहीं है, और जो भी भ्रष्टाचार या गड़बड़ी करेगा, उसके खिलाफ जांच होकर रहेगी। किसी भी भ्रष्टाचारी को बख्शा नहीं जाएगा। कोई भी व्यक्ति देश के संविधान और कानून से ऊपर नहीं है और राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति लागू की गई है। तृणमूल की गुटबाजी पर चुटकी लेते हुए उन्होंने कहा कि आज तृणमूल नाम की कोई पार्टी बची ही नहीं है, बल्कि यह टुकड़े-टुकड़े में तब्दील हो चुकी है। निर्वाचन आयोग द्वारा दोनों गुटों को बुलाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इससे उनका कोई लेना-देना नहीं है।

निगम या डीएम कार्यालय में बैठकर सुनेंगी लोगों की समस्याएं

उन्होंने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि 9 जुलाई को वे सुबह 11:00 से 12:00 तक या तो जिला अधिकारी कार्यालय या आसनसोल नगर निगम में रहेंगी। वह लोगों के फोन रिसीव करेंगी और जिन समस्याओं का निराकरण किया जा सकता है, उनका निराकरण तुरंत किया जाएगा। जिन समस्याओं के निराकरण में समय लगेगा, उन समस्याओं को सुना जाएगा और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया जाएगा कि जल्द सम्यक तरीके से निराकरण किया जाए। इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि वे जिस मंत्रालय की मंत्री हैं, उस मंत्रालय से संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए भी पूरे बंगाल के स्तर पर एक नंबर जारी किया गया है, जिस पर फोन करके कोई भी व्यक्ति उनके मंत्रालय से संबंधित समस्याओं के बारे में बता सकता है। उसका समास्या का भी समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। आगे कहा कि 1 सितंबर से पूरे राज्य के साथ-साथ पश्चिम बर्दवान जिले में भी सार्वजनिक जगहों पर थूकने, कचरा फेंकने या मल-मूत्र त्याग करने पर जुर्माने का प्रावधान रखा गया है।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in