

मुर्शिदाबाद : लालगोला थाने के शितेषनगर शिरोपाड़ा में रघुनाथगंज के एक युवक और उसके दोस्त पर बच्चा चोरी के शक में हमला किया गया। युवक अपने दोस्त के साथ अपनी होने वाली पत्नी से मिलने आया था। हालांकि, कुछ स्थानीय लोगों की कोशिश से उन्हें बचा लिया गया। युवक चारपहिया गाड़ी में आया था, लेकिन गुस्साई भीड़ ने उसमें तोड़फोड़ की और आग लगा दी। लालगोला की घटना के बाद पुलिस ने ऐसी अफवाहें नहीं फैलाने की लोगों से अपील की। भगवानगोला SDPO बिमान हलदर ने बताया कि रघुनाथगंज थाने के इस्लामपुर इलाके का एक युवक दोस्त के साथ अपनी होने वाली पत्नी से मिलने आया था। वहीं स्थानीय कुछ लोगों को उन पर बच्चा चोर होने का शक और उन्होंने दोनों को पकड़कर उनकी जमकर पिटाई कर दी। उनकी गाड़ी में आग लगा दी जो पूरी तरह जल गई। रात में ही दोनों युवकों के परिवार वालों को थाने बुलाया गया। बाद में उन्हें उनके परिवार वालों को सौंप दिया गया। पुलिस अफवाहों की जानकारी लेने के साथ ही मामले की जांच की जा रही है। यह घटवा शुक्रवार रात घटी है। लालगोला थाने के पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रघुनाथगंज थाने के इस्लामपुर के रहने वाले अब्दुल हसन की शादी लालगोला के शितेषनगर की एक लड़की से तय हुई है। शुक्रवार दोपहर वह अपने दोस्त मोहम्मद सरफराज इस्लाम के साथ चारपहिया गाड़ी से शितेषनगर के शिरोपाड़ा आया था। युवक अपनी होने वाली पत्नी के आने का इंतजार कर रहा था। उस समय वह कुछ स्थानीय बच्चों के साथ बातचीत कर रहा था। वहीं जब कुछ स्थानीय लोगों ने यह मामला देखा तो उन्हें लगा कि दोनों अनजान युवक बच्चा चोर हैं। इसी बीच, इलाके के एक किशोर ने गांव वालों को बताया कि उसने काले रंग की चारपहिया गाड़ी में दो बच्चों को बेहोश पड़ा देखा है। इसके बाद सैकड़ों गांव वालों ने गाड़ी को घेर लिया। उन्होंने दोनों लड़कों को खींचकर ले जाने की कोशिश की। हालांकि, उस समय कुछ स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव किया। उन्होंने दोनों युवकों को गुस्साई भीड़ से निकालकर सुरक्षित जगह पर पहुंचाया। गुस्साई भीड़ ने गाड़ी में तोड़फोड़ की और उसे आग के हवाले कर दिया। सूचना मिलने पर भगवानगोला SDPO बिमान हलदर और लालगोला OC के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों के दखल से स्थिति सामान्य हुई।