

दुर्गापुर : एक विवाहित महिला पर धारदार हथियार से हमला करने के आरोप में कांकसा थाना पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। वहीं गिरफ्तार युवक भूषण हेंब्रम कांकसा के बामुनारा इलाके का निवासी है। अभियुक्त को अनुमंडल अदालत में पेश किया गया। इस संदर्भ में स्थानीय लोगों ने बताया कि भूषण हेंब्रम का इलाके की ही एक विवाहित महिला से पिछले कई वर्षों से अवैध संबंध था। इसी संबंध में आपसी मनमुटाव और विवाद के चलते अभियुक्त ने 26 जनवरी की रात गुस्से में महिला के घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिवार के सदस्यों ने उसे खून से लथपथ हालत में बरामद कर अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल पीड़िता अनुमंडल अस्पताल में इलाजरत है। वहीं घटना के बाद महिला के परिवार ने कांकसा थाने में अभियुक्त के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर अभियुक्त को गिरफ्तार किया। इस मामले में कांकसा थाना पुलिस आगे की जांच में जुट गई है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त को अनुमंडल अदालत से रिमांड पर लिया जाएगा।