माध्यमिक परीक्षा में जिले से कुल 30,497 परीक्षार्थी होंगे शामिल

माध्यमिक परीक्षा सोमवार सुबह 10:45 बजे से होगी शुरू
माध्यमिक परीक्षा में जिले से कुल 30,497 परीक्षार्थी होंगे शामिल
Published on

आसनसोल : सोमवार से माध्यमिक परीक्षा 2026 की शुरुआत होगी। इस वर्ष की माध्यमिक परीक्षा 2 फरवरी से 12 फरवरी तक चलेगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पश्चिम बंगाल माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां पहले ही पूरी कर ली गई हैं। गौरतलब है कि माध्यमिक परीक्षा सुबह 10:45 बजे से शुरू होकर 2 बजे तक चलेगी। परीक्षा को सुचारू ढंग से संपन्न करवाने के लिए सिविल और पुलिस प्रशासन के अलावा शिक्षा विभाग के अधिकारियों की तैयारी पूरी हो चुकी है। आसनसोल में महकमा स्तर पर अनुमंडल अधिकारी (सदर) विश्वजीत भट्टाचार्य ने बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। मौके के संबंध में एसडीएम विश्वजीत भट्टाचार्य ने बताया कि परीक्षार्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। स्वास्थ्य विभाग, पुलिस सहित सभी संबंधित सरकारी विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि परीक्षा सुचारु रूप से संपन्न हो सके। साथ ही बताया कि इस बार पश्चिम बर्दवान जिला में कुल 87 परीक्षा केंद्र है, जिसमें 30,497 परीक्षार्थी शामिल होंगे। आसनसोल सब डिवीजन में कुल 18,014 परीक्षार्थी और दुर्गापुर सब डिवीजन में 12,483 परीक्षार्थी माध्यमिक परीक्षा देंगे।

परीक्षार्थी की सहायता के लिए मिनी बस रहेंगी उपलब्ध

आसनसोल मिनी बस एसोसिएशन के महासचिव सुदीप रॉय ने कहा कि माध्यमिक परीक्षा 2 फरवरी से 12 फरवरी 2026 तक सुबह 10:45 बजे से दोपहर 2 बजे तक चलेगी। आसनसोल मिनी बस एसोसिएशन की तरफ से तय किया है कि सामाजिक जिम्मेदारी को ध्यान में रखते हुए परीक्षा में शामिल होने वाले परीक्षार्थी से परीक्षा केंद्र तक जाने या वापस आने का किराया नहीं लिया जायेगा। हर मिनी बस मालिक व कर्मचारी से कहा गया है कि गाड़ियों को तय समय पर, खासकर सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलाते रहें। एसोसिएशन ने सभी मालिकों एवं मिनी बस कर्मचारियों से इस बारे में सहयोग करने का अनुरोध किया है। आसनसोल मिनी बस एसोसिएशन, माध्यमिक परीक्षा 2026 में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के हित में हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

ट्रैफिक पुलिस भी रहेगी विशेष सजग

परीक्षा को ध्यान में रखते हुए एडीपीसी की ट्रैफिक पुलिस भी पूरी तरह से सजग रहेगी। ट्रैफिक के अधिकारी ने बताया कि किसी भी इलाके में जाम न लगाने पाये, इस पर विशेष ध्यान रखा जायेगा। इसके लिए सीवीपीएफ के जवानों के साथ-साथ ट्रैफिक के अधिकारी पूरे इलाके में विशेष रूप से तैनात रहेंगे। किसी भी आपात स्थिति में विद्यार्थी की मदद के निर्देश भी दिये गये हैं। ट्रैफिक व्यवस्था पूर्ण रूप से सुचारू रहे इसके लिए हर संभव तैयारी कर ली गयी है।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in