

सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस मुख्यालय में राष्ट्रगीत ''वंदे मातरम'' के कथित अपमान को लेकर भारतीय जनता पार्टी और भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा देश के विभिन्न हिस्सों में आक्रोश मार्च, मशाल जुलूस और कैंडल मार्च निकाला जा रहा है। इसी क्रम में भारतीय जनता युवा जिला मोर्चा की तरफ से गिरजा मोड़ से बस स्टैंड तक वंदे मातरम गीत के अपमान के विरोध में कांग्रेस के खिलाफ विरोध रैली निकाली गई। मौके पर भारतीय जनता युवा जिला मोर्चा के अध्यक्ष अभिक कुमार मंडल ने कहा कि वंदे मातरम हमारी राष्ट्रीय चेतना, देशभक्ति और आजादी की लड़ाई का एक अनोखा प्रतीक है। वहीं वंदे मातरम गीत के अपमान के विरोध में आसनसोल डिस्ट्रिक्ट यूथ मोर्चा के तहत हर असेंबली से सदस्यों ने आकर कांग्रेस का विरोध किया है। उनका कहना है कि कांग्रेस ने जानबूझकर राष्ट्रगीत का अनादर किया है और तुष्टीकरण की राजनीति के तहत इसे पूरा नहीं होने दिया। वहीं गिरजा मोड़ स्थित कांग्रेस कार्यालय के पास पुतला दहनकर विरोध जताया गया। इस मौके पर भारतीय जनता युवा जिला मोर्चा के उपाध्यक्ष गौरव बनर्जी, महासचिव अविराज शर्मा, शुभम भगत, सोनू यादव सहित काफी संख्या में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता मौजूद थे।