

रानीगंज : रानीगंज के रानीशायर इलाके में गुरुवार दोपहर एक तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान निमचा कदमडांगा निवासी 55 वर्षीय षष्ठी बाउरी के रूप में हुई है। इस घटना के बाद इलाके में भारी तनाव का माहौल है। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने खराब सड़क की मरम्मत और मृतक के परिवार के लिए उचित मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही रानीगंज थाना, निमचा फाड़ी, पंजाबी मोड़ फाड़ी और जामुड़िया थाने की श्रीपुर फाड़ी की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के सामने भी लोगों ने अपना गुस्सा जाहिर किया। स्थानीय निवासियों का दावा है कि रानीशायर बायपास की खस्ताहाल सड़क पर दुर्घटनाएं आम बात हो गई हैं। सड़क पर जगह-जगह छोटे-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिसकी वजह से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि वे सड़क की मरम्मत की मांग बार-बार करते रहे हैं, लेकिन अब तक सिर्फ आश्वासन ही मिलता रहा है। जिसके कारण दुर्घटनाएं रोज़ की बात हो गई हैं। घटना के संबंध में जानकारी मिली है कि 55 वर्षीय षष्ठी बाउरी रानीगंज के गिरजापाड़ा बादाम बगान से रानीशायर तक जाने वाली बायपास सड़क से कदमडांगा स्थित अपने घर जा रहे थे। तभी अचानक एक तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें कुचल दिया और चला गया। हालांकि, स्थानीय लोगों ने उस डंपर का पीछा कर उसे पकड़ लिया। बाद में पुलिस प्रशासन को घटना की सूचना दी गई। इस घटना के बाद से डंपर का चालक और खलासी फरार हैं।