आसनसोल में जल्द दिखने लगेगा विकास का नया मॉडल : कृष्णेंदु मुखर्जी

आसनसोल के समग्र विकास के लिए डबल इंजन की सरकार है अत्यंत गंभीर
आसनसोल में जल्द दिखने लगेगा विकास का नया मॉडल : कृष्णेंदु मुखर्जी
Published on

आसनसोल : आसनसोल में जल्द दिखने लगेगा विकास का नया मॉडल। जिस उम्मीद से लोगों ने भाजपा को जिताया और शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में सरकार बनवाया, वह अवश्य पूर्ण होगा। आसनसोल का हर क्षेत्र में विकास होगा, इसकी रूप-रेखा तैयार की जा रही है। आसनसोलवासी जल्द ही उस रूप-रेखा को धरातल पर कार्यान्वित होते देखेंगे। उक्त बातें आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने एक भेंट के दौरान सन्मार्ग से कही। उन्होंने कहा कि चुनाव से पूर्व उन्होंने आसनसोलवासियों से वादा किया था कि भाजपा की सरकार बनते ही वे सबसे पहले बस्तिन बाजार दुर्गा मंदिर में नित्य पूजा की व्यवस्था करेंगे। जीत के बाद उन्होंने उस कार्य को पूरा करवा दिया। बता दें कि आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र जीत के लिहाज से काफी कठिन माने जाने वाली सीट थी, जहां कृष्णेंदु मुखर्जी ने भाजपा की जीत का परचम लहरा दिया। उनके द्वारा किये गये पहले वादे के पूरा होने से आसनसोल सहित शिल्पांचल के लोगों में उत्साह का माहौल है। उन्होंने कहा कि आसनसोल में जलनिकासी व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो रखी है। हल्की बारिश होते ही आसनसोल के हटन रोड इलाके में पानी जम जाना आम बात है। उसे ठीक करवाने की व्यवस्था करवायी जायेगी। इसके अलावा पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था भी होगी।

प्रदूषण पर रहेगी सख्त नजर

आसनसोल में प्रदूषण के बढ़ते प्रभाव का उल्लेख करते हुए कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार की पहली प्राथमिकता लोगों का स्वास्थ्य है। आसनसोल के गुडशेड इलाके के कारण उस इलाके में व्यापक पैमाने पर प्रदूषण होता है। इसे ठीक कैसे किया जाये, इस पर विचार किया जा रहा है। इसके अलावा इसके कारण लगने वाले जाम से भी लोगों को कैसे राहत मिले, इस पर व्यापक पैमाने पर चर्चा हो रही है। इस मुद्दे पर भी जल्द सकारात्मक परिणाम दिख जायेगा।

स्वास्थ्य व्यवस्था होगी सुदृढ़

कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने सुपर स्पेश्यलिटी अस्पताल का नाम तो दिया था पर वहां सुविधा कुछ नहीं दी थी। शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली भाजपा की सरकार अस्पतालों में पर्याप्त चिकित्सक व सुविधा कैसे दिया जाये, इस पर गंभीरता के साथ विचार कर रही है। जल्द ही इसका भी समाधान हो जायेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि आसनसोल जिला अस्पताल रेफरल अस्पताल बन गया है। अब ऐसा नहीं चलेगा। इसके अलावा यहां के अधिकारी पिछले 14 सालों से डटे हुए हैं आखिर कैसे, इसकी भी समीक्षा होगी और उचित कार्रवायी भी की जायेगी। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार स्वास्थ्य के मुद्दे पर पूरी तरह से गंभीर है और लापरवाही करने वालों को कभी नहीं छोड़ेगी।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in