

आसनसोल : श्री सनातन बाजार व्यापार उत्थान समिति आसनसोल बाजार द्वारा एमएच स्ट्रीट सरकारी कुआं के पास सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। बता दें कि आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी को बाजार के सैकड़ों व्यापारियों ने सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों ने विधायक से आसनसोल बाजार की विभिन्न समस्याओं से संबंधित एक विस्तृत ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में मुख्य रूप से सार्वजनिक शौचालय, अतिक्रमण, ट्रैफिक जाम, बाहर से आने वाले ग्राहकों की परेशानी, लावारिश गाय, सांड़ों की समस्या, बाजार की सफाई व्यवस्था, नियमित पुलिस पेट्रोलिंग, कूड़ा निष्पादन व्यवस्था तथा वर्षा के समय जलजमाव एवं ड्रेनेज सफाई जैसी महत्वपूर्ण समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। समिति की ओर से विधायक से आग्रह किया गया कि व्यापारियों एवं आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए जाएं, ताकि आसनसोल बाजार को सुरक्षित, स्वच्छ एवं व्यवस्थित व्यापारिक केंद्र बनाया जा सके। मौके पर विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि वे सदैव व्यापारी समाज के साथ हैं तथा व्यापारियों की समस्याओं एवं तकलीफों को दूर करने हेतु हरसंभव प्रयास करेंगे। साथ ही कहा कि किसी भी व्यापारी या आम नागरिक से कहीं भी अवैध रूप से पैसे की मांग की जाती है, तो वे सीधे उनसे संपर्क करें। कार्यक्रम में भृगु ठाकुर, मनोहर भाई पटेल, विवेक बर्णवाल, प्रकाश दीवान, शंकर लाल क्याल, रतन लाल मिश्रा, महेश क्याल, प्रदीप अग्रवाल, मोनी भालोटिया, संजय कुमार सुलतानिया, प्रकाश बर्णवाल, राजेश कुशवाह, राजेश साव, बिरेंद्र बर्मन, दीपक साव, विक्की बर्मन, सुरेन्द्र बर्णवाल, अनिल साव, आशीष साव सहित अन्य मौजूद थे।