

आसनसोल : आसनसोल के कोर्ट मोड़ इलाके में एक फ्लैट को लेकर गुरुवार सुबह से ही तनाव का माहौल देखा गया। बता दें कि फ्लैट को खाली कराने को लेकर जमकर हंगामा हुआ। आरोप है कि वार्ड 76 की पार्षद बबिता दास के साथ मारपीट की गयी और उनका सामान लूट लिया गया। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार फ्लैट महेंद्र कुमार अग्रवाल नाम के एक व्यक्ति का है। मौके पर अग्रवाल परिवार के सदस्य विक्की अग्रवाल ने आरोप लगाया है कि जिस व्यक्ति संजय सरकार को उन्होंने फ्लैट किराए पर दिया था, उसने पिछले 10 सालों से किराया नहीं दिया है। अग्रवाल परिवार के सदस्यों ने कहा कि उन्होंने 15 साल पहले संजय सरकार को अपना फ्लैट किराए पर दिया था। उस व्यक्ति ने उनसे फ्लैट किराए पर लिया था, लेकिन पिछले 10 सालों से किराया नहीं दिया है। अग्रवाल परिवार के सदस्यों ने कहा कि भले ही संजय सरकार ने फ्लैट किराए पर लिया था, लेकिन आसनसोल नगर निगम की तृणमूल कांग्रेस की पार्षद बबिता दास भी उनके साथ रहती थीं। वहीं जब भी किराए का मुद्दा उठता था तो बबिता दास अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल करके उन्हें डराती थीं।
बबिता दास ने लगाया आरोप
पार्षद बबिता दास ने आरोप लगाया कि फ्लैट के मालिक ने कई लोगों को फ्लैट खाली कराने को भेजा था, जिन्होंने सिर में टीका लगा रखा था। रूम में आकर कहने लगे तृणमूल ने बहुत अत्याचार किया है, आप फ्लैट छोड़िये और बांग्लादेश जाइये। साथ ही कहा कि उन्हें मारा गया और उनके कई सामान लूट लिये गये। इसके बाद पुलिस और भाजपा कार्यकर्ता के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। वहीं जब उनसे पूछा गया कि फ्लैट का भाड़ा 10 साल से क्यों नहीं दिया गया तो उन्होंने कहा कि फ्लैट का एग्रीमेंट उनके नहीं, संजय सरकार के साथ हुआ था। आगे बताया कि फ्लैट के मालिक ने बैंक से लोन लिया था, जिसे लेकर बैंक से कुछ झमेला चल रहा था और बैंक के कर्मचारी ने कहा था कि मालिक को भाड़ा नहीं दिया जाये।
खबर मिलते ही पहुंचे भाजपा कार्यकर्ता
झमेला की खबर मिलने पर कृष्णेंदु मुखर्जी के कई भाजपा कार्यकर्ता फ्लैट पर आए। उन्होंने फ्लैट मालिक के सदस्यों को कहा कि अगर किराया नहीं भी दिया जाता है, तो भी घर में रह रहे किसी भी व्यक्ति को बिना नोटिस दिए घर खाली को नहीं कहा जा सकता। उनलोगों को कोर्ट जाना चाहिए और कोर्ट के ऑर्डर के अनुसार कार्य करना चाहिए। मौके पर पार्षद बबिता दास ने भाजपा कार्यकर्ता को धन्यवाद किया और कहा कि अभी जिस शांति से फ्लैट में रह रही हैं, वे कृष्णेंदू मुखर्जी की कृपा है और इसके लिए उन्हें धन्यवाद करती हैं।