परित्यक्त ईंट भट्ठे में भीषण आग लगने से मची अफरा-तफरी

साजिश के तहत आग लगाने की आशंका
परित्यक्त ईंट भट्ठे में भीषण आग लगने से मची अफरा-तफरी
Published on

जामुड़िया : अब गर्मी बढ़ने के साथ ही विभिन्न जगह सूखी घास और झाड़ियों में आग लगने की घटनाएं सामने आने लगी हैं। जामुड़िया थाना और केंदा फांड़ी अंतर्गत चाकडोला मोड़ के पास स्थित एक परित्यक्त ईंट भट्ठे में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक तौर पर यह आग साजिश के तहत लगाए जाने की आशंका जताई जा रही है। वैसे आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मंगलवार दोपहर ईंट भट्ठे के एक किनारे सूखी झाड़ियों से अचानक धुएं के साथ आग की लपटें उठती देखी गईं। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे परित्यक्त क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया। दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय निवासियों ने तुरंत केंदा फांड़ी की पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। आग की तीव्रता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जामुड़िया औद्योगिक क्षेत्र स्थित श्याम मेटालिक्स के दमकल विभाग से संपर्क किया। सूचना पाकर श्याम मेटालिक्स की दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का कार्य शुरू किया। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया। आग को पूरी तरह बुझाने में दमकल कर्मियों को भारी मशक्कत करनी पड़ी। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह आग जान-बुझकर लगाई गई हो सकती है, कारण परित्यक्त ईंट भट्ठे में आग लगने का कोई स्वाभाविक कारण नजर नहीं आता। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह ईंट भट्ठा लंबे समय से बिना किसी निगरानी के पड़ा हुआ है। चारों ओर फैली झाड़ियां और सूखी घास किसी भी समय बड़े हादसे को न्योता दे सकती हैं। प्रशासन से मांग की जा रही है कि ऐसे परित्यक्त स्थलों की साफ-सफाई और निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in