

सन्मार्ग संवाददाता
पुरुलिया : दुर्गापूजा को लेकर तैयारियों के बीच रघुनाथपुर शहर में बुधवार को पुलिस, दमकल और बिजली विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न पूजा पंडालों और उनके आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान पंडालों की ऊंचाई, प्रवेश द्वार की स्थिति, अग्निशमन व्यवस्था तथा विद्युत सुरक्षा समेत अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों की जांच की गई। प्रशासन की इस पहल से स्थानीय लोगों और पूजा कमेटियों में संतोष देखा गया।
निरीक्षण के दौरान कई पूजा पंडालों में सुरक्षा संबंधी कुछ कमियां सामने आईं। कुछ स्थानों पर पंडाल के प्रवेश द्वार की ऊंचाई कम होने के कारण दमकल वाहन के आसानी से अंदर पहुंचने में परेशानी की स्थिति देखी गई। अधिकारियों ने संबंधित पूजा कमेटियों को प्रवेश द्वार और पंडाल की ऊंचाई बढ़ाने का सुझाव दिया, ताकि आपात स्थिति में दमकल वाहन बिना किसी बाधा के घटनास्थल तक पहुंच सके।
संयुक्त टीम ने पूजा कमेटियों को पंडाल निर्माण और पूजा आयोजन के दौरान सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को लेकर भी विस्तृत जानकारी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही न हो तथा विद्युत कनेक्शन, अग्निशमन व्यवस्था, आपातकालीन रास्ते और भीड़ नियंत्रण जैसे विषयों पर विशेष ध्यान दिया जाए। दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन की ओर से आगे भी इस तरह की जांच जारी रहने की बात कही गई।