सनातन हिंदू जागरण मंच की विजया सम्मेलन में उमड़ा आस्था का सैलाब

हनुमान चालीसा और गंगा आरती से गूंजा सभागार
सनातन हिंदू जागरण मंच की विजया सम्मेलन में उमड़ा आस्था का सैलाब
Published on: 

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल : अखिल भारतीय सनातन हिंदू जागरण मंच की ओर से रबींद्र भवन आसनसोल में विजया सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। गौरतलब है कि कार्यक्रम में शहर के विभिन्न इलाकों से सैकड़ों श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। पूरा कार्यक्रम भक्ति, सौहार्द और सनातन संस्कृति के रंग में रंगा नजर आया। हनुमान चालीसा से हुई शुरुआत : कार्यक्रम की शुरुआत समवेत कण्ठे हनुमान चालीसा पाठ से हुई। उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने एक साथ एक स्वर में हनुमान चालीसा का पाठ किया। जय श्रीराम और जय हनुमान के जयघोष से पूरा रबींद्र भवन गूंज उठा। भक्तिमय वातावरण में लोगों ने आनंद और आध्यात्मिक शांति का अनुभव किया। गंगा आरती बनी विशेष आकर्षण: हनुमान चालीसा पाठ के बाद गंगा आरती का आयोजन किया गया। दीपों की रोशनी, शंखनाद और मंत्रोच्चार के बीच हुई गंगा आरती ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। श्रद्धालुओं ने गंगा माता की आरती में भाग लेकर सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। नागरिक सम्बर्धना में हुआ सम्मान : कार्यक्रम के तीसरे चरण में नागरिक सम्बर्धना समारोह आयोजित किया गया। इसमें समाज सेवा, शिक्षा, संस्कृति और धर्म के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले नागरिकों को मंच की ओर से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों को अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। मौके पर आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि विजया सम्मिलनी सिर्फ एक उत्सव नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने का माध्यम है। यह मिलन समारोह आपसी प्रेम, एकता, भाईचारा और सामाजिक बंधन को और मजबूत करता है। सनातन संस्कृति की रक्षा और आने वाली पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। इस मौके पर पांडेश्वर विधायक जितेंद्र तिवारी, बूमबा मुखर्जी, अभिजीत रॉय, सुप्रदीप मुखर्जी सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News