

दीघा : पूर्व मिदनापुर जिले के दीघा से कोलकाता लौटते समय यात्रियों से भरी एक बस गुरुवार की सुबह के समय दुर्घटनाग्रस्त हो गई। जिसके कारण उस बस में सवार यात्रियों में से तकरीबन 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उन लोगों को स्थानीय लोगों की मदद से उद्धार कर स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है।
सूत्रों से घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह एक बस दीघा से सवारियों को लेकर कोलकाता के लिए रवाना हुई। बताया जा रहा है कि बस के नेशनल हाईवे पर नंदकुमार थाना इलाके के बखराबाद पहुंचने के बाद सबसे पहले पिछला एक पहिया निकल गया। उसके बाद, बताया जा रहा है कि बस के तीन और पहिए निकल गए। जिसके कारण बस का कंट्रोल खो गया और वह सड़क किनारे पानी से भरे गढ्ढे में पलट गई। इस हादसे में करीब 10 लोग घायल हो गए। शुरुआत में स्थानीय लोगों ने बचाव का काम शुरू किया। बाद में, सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को बचाकर तमलुक मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल ले जाया गया। इस हादसे की वजह से कुछ देर के लिए संबंधित सड़क पर ट्रैफिक जाम लग गया। हालांकि, नंदकुमार पुलिस थाने के पुलिसवालों की मदद से इसे कंट्रोल कर लिया गया। एक्सीडेंट में शामिल बस को नंदकुमार पुलिस स्टेशन ले जाया जा चुका है। यह एक्सीडेंट कैसे हुआ इस बात की जांच शुरु कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि इलाके के सभी सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाएगी।