दुर्गा पूजा से पहले आसनसोल में 6 दिन का स्वच्छता जागरूकता अभियान शुरू

व्यापारियों से दुकानों के सामने साफ-सफाई रखने की अपील
हरी झंडी दिखाते बीके ढल
हरी झंडी दिखाते बीके ढल
Published on: 

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल : साउथ बंगाल फेडरेशन ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (SBFCI) और आसनसोल म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छता से स्वागत और स्वच्छता ही सेवा के तहत स्वच्छता जागरूकता अभियान शुरू किया गया। बता दें कि यह अभियान 28 सितंबर से 3 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। दुर्गा पूजा की खरीदारी शुरू होते ही आसनसोल शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए सात दिवसीय जागरूकता कैंपेन शुरू किया गया है। यह अभियान आसनसोल म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के अंतर्गत आने वाले सभी क्षेत्रों - आसनसोल, रानीगंज, बराकर और कुल्टी में चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत व्यापारी वर्ग से विशेष अपील की गई है। SBFCI के महासचिव जगदीश बागड़ी ने कहा कि दुर्गा पूजा की खरीदारी शुरू हो गई है। सभी दुकानों में ग्राहक आ रहे हैं। हमारा सभी व्यापारियों से निवेदन है कि वे अपनी दुकान साफ रखें और दुकान के सामने के रास्ते को भी साफ रखें। अगर हर कोई अपने आस-पास का इलाका साफ रखेगा तो पूरा शहर अपने आप साफ हो जाएगा। आगे बताया कि इस दौरान निगम बताएगा कि कहां - कहां डस्टबिन की जरूरत है। आवासीय इलाकों में डस्टबिन निगम द्वारा दिए जाएंगे, जबकि दुकानदारों को खुद डस्टबिन की व्यवस्था करनी होगी। हालांकि जो गरीब दुकानदार डस्टबिन खरीदने में असमर्थ हैं, उन्हें चैंबर की ओर से डस्टबिन उपलब्ध कराया जाएगा। SBFCI के अध्यक्ष वीके ढल ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य खासकर व्यवसायी वर्ग और आम नागरिकों को जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि शहर में स्वच्छता बनाए रखने की जिम्मेदारी जितनी सरकार और कॉर्पोरेशन की है, उतनी ही हम लोगों की भी एक व्यक्तिगत नागरिक के तौर पर है। उन्होंने बताया कि यह जागरूकता टैब्लो दुर्गापुर को छोड़कर आसनसोल म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के अंतर्गत आने वाले सभी क्षेत्रों में घूम-घूम कर लोगों को जागरूक करेगा। दुकानदारों को डस्टबिन उपलब्ध कराने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पहले सभी दुकानदारों को खुद डस्टबिन रखने के लिए कहा जाएगा, लेकिन अगर कोई दुकानदार असमर्थ होगा तो चैंबर की तरफ से उसकी मदद भी की जाएगी। इस मौके पर चैंबर के उपाध्यक्ष अनिल जालान, बाल गोविंद मुकीम, मनिंद्र कुंद्रा सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in