

सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : पश्चिम बंगाल में 16 अगस्त 2026 को पहली बार आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की आधिकारिक शुरुआत की गई। इस अवसर पर आसनसोल के रवींद्र भवन में आयुष्मान भारत PM-JAY एवं आयुष्मान दिवस कार्यक्रम का आयोजित किया गया। गौरतलब है कि वर्चुअल उद्घाटन के माध्यम से बताया गया कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना भारत की सबसे बड़ी स्वास्थ्य सुरक्षा योजना है। इसके तहत पात्र परिवारों को प्रति वर्ष 5 लाख तक का कैशलेस और पेपरलेस इलाज मिलेगा और 16 अगस्त को आयुष्मान दिवस के रूप में घोषित किया गया है। राज्य की स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अनुप्रिया पटेल ने वर्चुअल संबोधित करते हुये कहा कि बंगाल के 1030 अस्पतालों में इस योजना को शुरू किया गया है। साथ ही 3 लाख से ज्यादा आशा कर्मी एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को इस योजना में शामिल किया गया है जो सिर्फ नरेंद्र मोदी की सरकार में संभव हुआ। वहीं कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गये। मौके पर पश्चिम बर्दवान जिला अधिकारी एस पोन्नमबलम ने कहा कि आयुष्मान भारत के तहत पूरे जिले में 43 हजार लोगों को आयुष्मान कार्ड दिए गये हैं और इस दिवस को आयुष्मान दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। आगे कहा कि पश्चिम बर्दवान जिले में 10 लाख से ज्यादा आयुष्मान भारत के फॉर्म भरे गये थे, जिसमें 7 लाख फॉर्म की जांच कर ली गयी है, जिसमें 43 हजार लोगों को आयुष्मान कार्ड दिए जा रहे हैं। इस मौके पर बाराबनी विधायक अरिजीत रॉय, जामुड़िया विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी, सीएमओएच शेख मोहम्मद युनूस, एडीएम लैंड रिफॉर्म सुंमत भट्टाचार्य, एडीएम डेवलपमेंट बिक्रम चट्टोपाध्याय, आसनसोल नगर निगम कमिश्नर दिलीप मिश्रा, सचिव अमित शेठ, आशा कर्मी, जिला को-ऑर्डिनेटर अमित गुहा सहित अन्य लोग मौजूद थे।