AI तकनीक के जरिए माध्यमिक परीक्षा में नकल करते पकड़े गए 3 छात्र
बर्दवान : आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग करके माध्यमिक परीक्षा में नकल करने की कोशिश करते हुए छात्र रंगे हाथों पकड़े गए हैं। यह घटना पूर्व बर्दवान के तीन परीक्षा केंद्रों में हुई है। इन तीनों परीक्षार्थियों की परीक्षा रद्द कर दी गई है और उनके खिलाफ पुलिस में FIR भी दर्ज कराई गई है। नकल के लिए इस अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल देखकर शिक्षा विभाग के अधिकारी भी दंग रह गए।
कैसे पकड़े गए छात्र?
गलसी के साको CS स्कूल का एक छात्र, कालीमती देवी स्कूल में मोबाइल के साथ पकड़ा गया। उचालन हाई स्कूल में सेहराबाजार CK स्कूल का एक छात्र इसी तरीके से नकल करते हुए पकड़ा गया। कटवा दुर्गादासी चौधरानी बालिका विद्यालय में कटवा काशीराम दास संस्थान का एक परीक्षार्थी पकड़ा गया। ये तीनों छात्र परीक्षा केंद्र के अंदर चोरी-छिपे मोबाइल फोन लेकर घुसे थे। उन्होंने प्रश्न पत्र को मोबाइल से स्कैन किया और AI ऐप्स के जरिए उनके उत्तर प्राप्त कर लिखना शुरू कर दिया। तभी परीक्षकों ने उनकी इस चालाकी को पकड़ लिया।
सुरक्षा में कैसे लगी सेंध!
मध्य शिक्षा परिषद के नियमों के अनुसार, परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन ले जाना पूरी तरह वर्जित है। केंद्र में प्रवेश के समय हर छात्र की तलाशी ली जाती है, फिर भी कुछ छात्र निगरानी में चूक का फायदा उठाकर मोबाइल अंदर ले जाने में सफल रहे। शिक्षा विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि छात्रों ने मोबाइल फोन को जूतों के अंदर, मोजों में छापाया हुआ था। मोबाइल को पैरों पर सेलोटेप से चिपका कर छिपाया था। अधिकारी के अनुसार, प्रवेश के समय फोन 'स्विच ऑफ' थे, जिन्हें बाद में ऑन करके 'साइलेंट मोड' पर रखा गया ताकि किसी का फोन आने पर पता न चले। फिलहाल परिषद के नियमों के तहत उनकी परीक्षा रद्द कर दी गई है और पुलिस कार्रवाई जारी है।

