

आसनसोल : आसनसोल दक्षिण थाना अंतर्गत हिंदुस्तान पार्क निवासी एक व्यक्ति से 3 लाख 79 हजार रुपये की ठगी करने से संबंधित मामले में आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार होने वाले अभियुक्तों में कोलकाता के रितिक बनर्जी, रोहित नसकर तथा गौरव दास शामिल हैं। उन्हें शुक्रवार को आसनसोल जिला अदालत के सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। मामले के जांच अधिकारी ने उक्त कांड में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी समेत मामले पर अपनी विशेष छानबीन करने का हवाला देते हुए उन्हें पुलिस रिमांड पर लेने की अपील अदालत से की। अदालत ने अभियुक्तों की जमानत अर्जी रद्दकर उन्हें 6 दिनों की रिमांड पर पुलिस के साथ भेज दिया।
क्या था पूरा मामला ?
बीते 13 फरवरी को शिकायतकर्ता ने गूगल पर राजस्थान पर्यटन कार्यालय का पता खोजा और उन्हें एक संपर्क नंबर मिला, जो आरटीडीसी का बताया गया था और जिसका पता कोलकाता का था। उस नंबर पर कॉल करके अपनी यात्रा योजना पर चर्चा करने के बाद, उन्हें अपॉइंटमेंट बुक करने और बाद में पंजीकरण शुल्क के रूप में भुगतान करने के लिए कहा गया, जिसे उन्होंने अस्वीकार कर दिया। इसके बाद, उनका मोबाइल फोन अत्यधिक गर्म होने लगा तथा धीमा चलने लगा। इसके साथ ही उनकी बैटरी तेजी से खत्म होने लगी थी। वहीं बीते 16 फरवरी को शिकायतकर्ता ने फोन की मरम्मत करने के लिए दिया तथा 17 फरवरी को उन्होंने अपना फोन वापस प्राप्त किया था। वहीं बाद में संदेशों की जांच करने पर उन्हें पता चला कि उनके बंधन बैंक के खाते से IMPS के माध्यम से उनकी सहमति के बिना धोखाधड़ी से 3 लाख 79 हजार रुपये किसी दूसरे खाते में स्थानांतरित कर दिए गए थे। इसके बाद उन्होंने तुरंत NCRP पर शिकायत दर्ज कराई तथा आसनसोल साइबर थाने में भी अपनी शिकायत दर्ज कराई, जिसमें धोखाधड़ी की गई राशि की वापसी और दोषियों को दंडित करने के लिए कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। वहीं जांच के दौरान पता चला है कि 3 लाख 79 हजार रुपये की राशि अभियुक्त रितिक बनर्जी के खाते में स्थानांतरित की गई थी जिसके बाद उसे और उसके सहयोगियों को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल मामले पर पुलिस की छानबीन शुरू कर दी गई है।