

आसनसोल : आसनसोल उत्तर थाना के कुरैशी मुहल्ला के फैज-ए-आम पार्क स्थित जहांगिरी मुहल्ला पुलिस फांड़ी में हुए तोड़फोड़ मामले में पुलिस ने गिरफ्तारी अभियान और तेज कर दिया है। इस मामले में अब तक पुलिस ने 26 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना ध्वनि प्रदूषण पर रोक लगाने के उद्देश्य से बनाए गए नियमों के विरोध प्रदर्शनों के दौरान हुई थी। गिरफ्तार सभी अभियुक्तों को रविवार को आसनसोल अदालत में पेश किया गया। सनद रहे कि हमले की घटना बीते शुक्रवार की रात करीब 9 बजे हुई थी। उस रात 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। शनिवार की रात 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसकी जानकारी एसीपी (सेंट्रल वन) अब्दुल गफ्फार ने दी। उन्होंने कहा कि आगे और लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है। गिरफ्तार अभियुक्तों में स्थानीय लोगों के अलावा रेलपार के पुराना स्टेशन मिस्त्री पाड़ा और रंगेनिया पाड़ा के भी लोग शामिल हैं। जांच अधिकारियों को अब संदेह हो रहा है कि फांड़ी पर हमला व तोड़फोड़ कहीं पूर्व नियोजित तो नहीं थी। अगर ऐसा नहीं है तो पुराना स्टेशन और आसनसोल दक्षिण थाना के रंगेनिया पाड़ा के लोग कैसे और क्यों घटनास्थल पर पहुंचे थे। इसकी भी जांच शुरू हो गई है। रेलपार के सभी मस्जिदों के मौलानाओं के साथ पुलिस आयुक्त की बैठक के बाद रविवार को कुरैशी मुहल्ला बाजार खुला लेकिन बाजार में पहली जैसी रौनक देखने को नहीं मिली। स्थिति धीरे -धीरे सामान्य होने लगी है। लोग घरों से बाहर निकलने लगे है। सनद रहे कि रविवार पुलिस और केंद्रीय बल के जवान नमाज के दौरान रेलपार की सभी मस्जिदों के बाहर तैनात थे। वहीं चांदमारी मोड़, महुआ डंगाल मोड़ सहित विभिन्न चौक-चौराहे पर पुलिस और केंद्रीय बल के जवान तैनात हैं, लेकिन उनकी संख्या में कमी की गई है। जहांगिरी मुहल्ला फांड़ी में जगह नहीं होने के कारण आसनसोल उत्तर और कन्यापुर फांड़ी में भी अभियुक्तों को रखा गया था।
सीजेएम कोर्ट में किये गये पेश
गिरफ्तार होने वाले अभियुक्तों में मोहम्मद चांद उर्फ राहुल, मोहम्मद शहाबुद्दीन, मोहम्मद मोहसिन नाजिर, मोहम्मद सलमान, मोहम्मद सद्दाम उर्फ कारू, मोहम्मद नौशाद, अहमद राजा उर्फ सद्दाम, मोहम्मद सूरज, मोहम्मद जावेद अंसारी, मोहम्मद इस्राफिल, मोहम्मद इरफान, मोहम्मद सलीम, मोहम्मद शमशाद उर्फ गोरखा, मोहम्मद वसीम, मोहम्मद परवेज, मोहम्मद हसनैन, मोहम्मद आबिर, मोहम्मद हसन, आकिब खान, मोहम्मद इस्माईल खान, मोहम्मद इरशाद समेत बाद में गिरफ्तार हुए पांच अन्य अभियुक्त भी शामिल हैं। उन्हें रविवार को आसनसोल जिला अदालत के सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया।
7 अभियुक्त पुलिस रिमांड पर
मामले के जांच अधिकारी ने उक्त कांड में शामिल अन्य अभियुक्तों की भी गिरफ्तारी समेत मामले पर अपनी विशेष छानबीन करने का हवाला देते हुए अभियुक्तों में शामिल मोहम्मद चांद उर्फ राहुल, मोहम्मद शहाबुद्दीन, मोहम्मद मोहसिन नाजिर, मोहम्मद सलमान, मोहम्मद सद्दाम उर्फ कारू, मोहम्मद नौशाद तथा अहमद राजा उर्फ सद्दाम को पुलिस रिमांड पर लेने की अपील अदालत से की। अदालत ने उन्हें 8 दिनों की रिमांड पर पुलिस के साथ भेज दिया, जबकि अन्य अभियुक्तों को अगली सुनवाई होने तक न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस के स्तर से मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है।