

दुर्गापुर : दक्षिण बंगाल में सार्वजनिक परिवहन को और अधिक सुदृढ़, आधुनिक तथा पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दक्षिण बंगाल राजकीय परिवहन निगम की 20 नई सीएनजी बसों का वर्चुअल उद्घाटन किया। दुर्गापुर के सिटी सेंटर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में मंत्री मलय घटक मुख्य रूप से उपस्थित रहे। समारोह में जिले के प्रशासनिक अधिकारियों सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की, जिनमें जिलाधिकारी एस पोन्नम्बलम, अनुमंडल अधिकारी सुमन विश्वास, विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती, निगम के कमिश्नर अबुल कलाम आजाद, एसबीएसटीसी के चेयरमैन सुभाष मंडल प्रमुख थे। परिवहन निगम के अनुसार इन 20 नई बसों को दक्षिण बंगाल के 10 महत्वपूर्ण और व्यस्त मार्गों पर संचालित किया जाएगा। इनमें झाड़ग्राम-कोलकाता मार्ग पर चार बसें, बेलघरिया-दीघा मार्ग पर पांच बसें और आसनसोल-करुणामयी मार्ग पर चार बसें प्रमुखता से शामिल हैं। इसके अलावा पटाशपुर-करुणामयी, आसनसोल-झिलमिली, बर्दवान-झाड़ग्राम, बर्दवान-बांकुड़ा, बर्धमान-आसनसोल, बेलघरिया-बांकुड़ा और बेलघरिया-टाकी जैसे रूटों पर भी नई बस सेवाएं शुरू की गई हैं। इन बसों के सड़क पर उतरने से न केवल यात्रियों का सफर सुगम होगा, बल्कि प्रदूषण के स्तर में भी कमी आएगी। वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री मलय घटक ने केंद्र सरकार की नीतियों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि आम जनता की यात्रा को सुरक्षित और आरामदायक बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि आज गरीब आदमी वंदे भारत जैसी महंगी ट्रेनों का किराया वहन नहीं कर सकता, लेकिन पश्चिम बंगाल की जनहितैषी सरकार हमेशा आम आदमी के बारे में सोचती है। इस कारण आम लोगों को किफायती और बेहतर सेवा देने के लिए लगातार सीएनजी बसों की संख्या बढ़ाई जा रही है। एसबीएसटीसी के चेयरमैन सुभाष मंडल ने कहा कि आने वाले समय में और भी बसों को चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहरों से ग्रामीण अंचलों को सीधे जोड़ने के लिए बसों को चलाया जा रहा है। इसका सीधा फायदा यात्रियों को हो रहा है। इस दौरान सबूज साथी के तहत 20 छात्रों को साइकिल दी गई। अड्डा के चेयरमैन कवि दत्त, उपायुक्त (पूर्व) अभिषेक गुप्ता समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।