एक ही दिन में तत्काल टिकट की कालाबाजारी करते 2 दलाल गिरफ्तार

आगे की कार्रवाई के लिए हिरासत में लिया गया
एक ही दिन में तत्काल टिकट की कालाबाजारी करते 2 दलाल गिरफ्तार
Published on: 

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

बर्नपुर : दुर्गापूजा की भीड़ से पहले तत्काल टिकटों की कालाबाजारी रोकने के लिए RPF पोस्ट बर्नपुर ने बड़ी कार्रवाई की है। गौरतलब है कि 14 अक्टूबर के दिन तत्काल बुकिंग के समय बर्नपुर स्टेशन के PRS काउंटर पर RPF ने सादे कपड़ों में निगरानी बिठाई थी। इसी दौरान टीम ने दो अलग-अलग काउंटरों से टिकट लेकर निकल रहे दो युवकों को पकड़ा। जांच में पता चला कि दोनों ने एक ही ट्रेन - हावड़ा से चेन्नई जाने वाली ट्रेन नंबर 12839, 15 अक्टूबर की यात्रा के लिए एक-एक तत्काल टिकट खरीदा था, जिसकी कीमत 2850 रुपये थी। दोनों टिकट बर्नपुर काउंटर से ही लिए गए थे। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान मोहम्मद कैफ अनवर आसनसोल इस्माइल सोस्तीनगर और दूसरा बर्नपुर रंगापारा निवासी फैजल शेफ के रूप में हुई है। दोनों ने पूछताछ में माना कि वे जरूरतमंद यात्रियों को 200 रुपये अतिरिक्त चार्ज लेकर टिकट बेचने का धंधा करते हैं। वे कोई अधिकृत एजेंट नहीं हैं। RPF ने दोनों के पास से 2 तत्काल टिकट (कुल कीमत 5700 रुपये) 2 मोबाइल फोन और 6 रिजर्वेशन फॉर्म जब्त किए हैं। दोनों के खिलाफ RPF पोस्ट बर्नपुर में केस नंबर 282/2026 और 283/2026, धारा 143 रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए हिरासत में लिया गया है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in