

आसनसोल : आईपीएल में सट्टा लगाकर धोखाधड़ी करने से संबंधित आरोप में आसनसोल - दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने हाल ही में अपना छापामारी अभियान चलाकर 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उन्हें रिमांड पर लिया है। रिमांड पर लिए जाने वाले अभियुक्तों के नाम अनमोल परासर, पंकज नेगी तथा सूरज साव बताये गये थे। फिलहाल वे तीनों अभी रिमांड पर हैं। वहीं उनकी रिमांड अवधि के दौरान पुलिस ने उक्त कांड में शामिल 2 अन्य लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार होने वाले अभियुक्तों में दक्षिण 24 परगना जिले के महेशतला निवासी कविराज सेठ तथा कलकत्ता के रविंद्रनगर निवासी रौशन यादव शामिल हैं। उन्हें शुक्रवार को आसनसोल जिला अदालत के सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। मामले के जांच अधिकारी ने उक्त कांड में शामिल अन्य अभियुक्तों की भी गिरफ्तारी समेत मामले पर अपनी विशेष छानबीन करने का हवाला देते हुए अभियुक्तों को पुलिस रिमांड पर लेने की अपील अदालत से की। अदालत ने अभियुक्तों की जमानत अर्जी रद्दकर उन्हें 6 दिनों की रिमांड पर पुलिस के साथ भेज दिया। अब तक इस मामले पर कुल 5 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। हालांकि उक्त मामले पर पुलिस के स्तर से मामले की छानबीन लगातार जारी है।