

आसनसोल : आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिशनरेट की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बाराचक रेलवे स्टेशन के पास संचालित एक अवैध कॉल सेंटर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए छापामारी अभियान चलाकर 2 लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार होने वाले अभियुक्तों में संजय सिंह तथा शुभम साव शामिल हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों को शुक्रवार को आसनसोल जिला अदालत के सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस ने उक्त कांड में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी समेत मामले पर अपनी विशेष छानबीन करने का हवाला देते हुए उन्हें पुलिस रिमांड पर लेने की अपील अदालत से की। अदालत ने पुलिस द्वारा मांगी गई रिमांड की अर्जी को खारिज कर साक्ष्य के अभाव में उन अभियुक्तों की जमानत अर्जी स्वीकार कर उन्हें रिहा करने का निर्देश दिया। बता दें कि उक्त मामले पर आसनसोल दुर्गापुर साइबर क्राइम थाना पुलिस की सत्रवाद संख्या- 45/2025 की भारतीय न्याय संहिता की धारा 318 (4)/ 319 (2)/ 249(सी)/ 61 (2) तथा 'इंडियन टेली कम्युनिकेशन एक्ट' 2023 की धारा 42 (1)/42(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।