बस से 12 किलो गांजा व 65 मोबाइल फोन बरामद

जुबली मोड़ पर नाका चेकिंग के दौरान पुलिस को मिल रही सफलता
बस से 12 किलो गांजा व 65 मोबाइल फोन बरामद
Published on

आसनसोल : विधानसभा चुनाव के दौरान गांजा तस्करों द्वारा रूट में परिवर्तन कर उड़ीसा की जगह अब झारखंड से आसनसोल व इसके आसपास क्षेत्रों में गांजा आपूर्ति किये जाने का खुलासा होने से हलचल मच गयी है। बता दें कि चुनाव के दौरान झारखंड से आसनसोल के विवेकानंद सरणी स्थित जुबली मोड़ पर चल रहे नाका चेकिंग के दौरान गांजा व व्यापक संख्या में चोरी के मोबाइल फोन बरामद किया जा रहा है। बुधवार की देर रात झारखंड के रांची से आसनसोल आ रही बस से पुलिस ने चेकिंग के दौरान 10 किलो से अधिक गांजा बरामद किया। इसके बाद गुरुवार की सुबह फिर झारखंड से आ रही एक अन्य बस को जुबली मोड़ पर रोक कर पुलिस तलाशी के दौरान 1 किलो से अधिक गांजा व व्यापक संख्या में मोबाइल फोन बरामद किया। सनद रहे कि मंगलवार की सुबह भी पुलिस ने झारखंड की बस से करीब 20 मोबाइल फोन बरामद किया था। इस संबंध में डीसी (सेंट्रल) ध्रुव दास ने कहा कि चुनाव शांतिपूर्वक सम्पन्न कराने के लिए पुलिस द्वारा नाका चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान करीब 12 किलो गांजा और अब तक 65 मोबाइल फोन जब्त किया गया है। पुलिस को सतर्कता के साथ बस, कार के अलावा दोपहिया की डिक्की आदि भी जांच करने पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं होने का देने का दायित्व पुलिस के कंधों पर है, जिसे तत्परता के साथ पुलिस कर रही है, ताकि अन्य राज्यों से आपराधिक प्रवृति के लोग व हथियार की आपूर्ति बंगाल में नहीं कर सकें। बस पर सवार यात्रियों का कहना है कि नाका चेकिंग देख वे लोग भयभीत हो गए थे। पुलिस अधिकारी बस रोक कर बस में प्रवेश कर उक्त सामग्री का मालिक कौन है की जानकारी लेने का प्रयास किया लेकिन कोई भी व्यक्ति सामने नहीं आया। इस स्थिति में आम यात्रियों को भयभीत होना स्वाभाविक था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गयी है।

झारखंड से हो रहे गांजा तस्करी गिरोह पर पुलिस की नजर

चुनाव के दौरान लागातार पकड़े जा रहे गांजा तस्करी मामले में पुलिस और सक्रिय हो गयी है। पुलिस सूत्रों का कहना है कि झारखंड से गांजा तस्करी करने वाले गिरोह के खात्मे के लिए पुलिस विशेष प्रयास कर रही है। चुनाव के बाद इस पूरा नेटवर्क को खत्म कर दिया जायेगा। बता दें कि पूर्व में व्यापक पैमाने पर उड़ीसा से तस्करी कर आसनसोल क्षेत्र में गांजा लाया जाता था, जिसे पुलिस एवं नारकोटिक्स विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से अभियान चला-चलाकर लगभग खत्म कर दिया है। अब झारखंड की तरफ से गांजा की तस्करी होने लगी है, जिस पर पुलिस की विशेष नजर टिक गयी है। वहीं दूसरी ओर हेरोइन तस्करी नेटवर्क को खत्म करने की दिशा में भी पुलिस सतर्क हो गयी है। बता दें कि मुर्शिदाबाद क्षेत्र से व्यापक पैमाने पर हेरोइन व ब्राउन शुगर की तस्करी कर शिल्पांचल में लाया जाता है। पुलिस इस नेटवर्क को भी तोड़ने का प्रयास कर रही है। उल्लेखनीय है कि गत दिनों आसनसोल में 34 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ दो युवकों को पकड़ा गया। यह नशीला पदार्थ मुर्शिदाबाद क्षेत्र से तस्करी के माध्यम से आसनसोल में लाया गया था, जिसे समय रहते पकड़ लिया गया।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in