

दुर्गापुर : दुर्गापुर एवं पानागढ़ समेत पूरे शिल्पांचल में रामनवमी का आयोजन धूमधाम से किया गया। इसके अलावा जगह-जगह भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस दौरान कादा रोड में रामनवमी के अखाड़ा में डीजे बंद कराने को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया। अखाड़ा में शामिल लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। वहीं रामनवमी की शोभायात्रा में प्रस्तुत की गई झांकियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई थीं। शोभायात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और जय श्रीराम के नारे से पूरा माहौल गूंज उठा। वहीं दूसरी तरफ रामनवमी को लेकर पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रत्येक इलाके में शोभायात्रा के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। शोभायात्रा में एक से बढ़कर एक झांकियां प्रस्तुत की गई थीं। हाल ही में सम्पन्न हुए प्रयागराज महाकुंभ की झांकी ने हर किसी का ध्यान आकर्षित किया। इसके अतिरिक्त अन्य देवी देवताओं की झांकियों ने भी लोगों का मन मोह लिया। वहीं दूसरी तरफ हाथों में धार्मिक ध्वजा लिए युवतियां जयश्री राम के नारे लगा रही थीं। साथ में कलशयात्रा भी निकाली गई। महिलाओं ने सिर पर कलश लेकर पूरे इलाके की परिक्रमा की और जय श्रीराम का नारा लगाया। भक्ति गीतों की धुन पर युवा थिरक रहे थे और चारों तरफ धार्मिक ध्वज लहराया गया। शनि महाराज के मंदिर से शोभायात्रा की शुरुआत हुई और पूरे वार्ड की परिक्रमा करने के बाद फिर मंदिर के पास शोभायात्रा का समापन हुआ। दुर्गापुर शहर "जय श्री राम" के नारों से गुंजायमान हो उठा। शहर के विभिन्न हिस्सों में रामनवमी के अवसर पर आयोजकों द्वारा शोभायात्राएं निकाली गईं। दुर्गापुर के कादा रोड इलाके में डीजे बजाकर रामनवमी की शोभायात्रा निकल गई थी। विधायक लखन घोरूई विशेष रूप से मौजूद थे। विधायक ने लाठी घुमाकर शोभायात्रा का शुभारंभ किया। इस दौरान शोभायात्रा में शामिल महिलाओं ने भी लाठी के खेल का प्रदर्शन किया। लगभग 1 हजार महिला और पुरुष शोभायात्रा में शामिल हुए। इस दौरान किसी भी अप्रिय घटना को टालने के लिए पुलिस कड़ी निगरानी बनाए हुए थी।