

बहुत से लोगों को अक्सर यह शिकायत होती है कि उनकी बात कोई नहीं सुनता। ऐसे में उन्हें तनाव होता है कि क्या मैं गलत हूं या लोग मेरी बातों को अनसुना कर रहे हैं। इसी उधेड़बुन में उन्हें तनाव होने लगता है। इसका कारण आप दूसरों में नहीं, स्वयं में ढूंढें। हो सकता है आप का शब्दों का चयन ठीक न हो, समय उचित न हो या सुनने वाला किसी और ध्यान में व्यस्त हो।
हो सकता है सुनने वाला आपकी बातों में रुचि न रखता हो पर आपको स्पष्ट रूप से कह भी न सकता हो।
हो सकता है जब आप अपनी बात कह रहे हों तो सुनने वाले का दिमाग कहीं और उलझा हो या ध्यान कहीं और हो।
यदि कहने वाले के प्रति सुनने वालों के दिल में पहले से ही कोई धारणा हो।
कई बार सुनाने वाला ऊंची आवाज में अपनी बात को रखने का प्रयास कर रहा है और दूसरा उतनी ऊंची आवाज में सुनना पसंद न करता हो।
कभी-कभी सुनने वाले को पता होता है कि सुनाने वाला हमेशा शिकायत ही करेगा, कोई अच्छी बात नहीं। ऐसे में सुनने वाला लापरवाही से बात सुनता है।
कई बार सुनने वाले का मूड ही नहीं होता। शायद वह शारीरिक रूप से थका हो या मानसिक रूप से परेशान हो।
कभी कभी आपके शब्दों का चयन ठीक नहीं होता। बोलते ही शब्दों की माला बिखरने लगती है। सामने वाले को समझ ही नहीं आता कि आप क्या सुनाना चाहते हैं।
सुनाने वाला कभी-कभी पुरानी बातों को बार-बार बोलता है तो सुनने वाला उसमें दिलचस्पी नहीं लेता।
कभी-कभी सुनने वाला दूर के रिश्तेदारों की बातें करता है जिसका सुनने वाले से खास कोई संबंध नहीं।
कभी-कभी परिवार में सब मस्ती के मूड में होते हैं और कोई अपना रोना-धोना लेकर बैठ जाए तो ऐसे में भी उनकी बातों पर कोई गौर नहीं फरमाता।
दो लोग जब बातें कर रहे हों तो तीसरा कभी बोले तोे भी सुनने वाले नजरअंदाज कर देते हैं।
अगर आपकी बातों पर कोई ध्यान न दे तो घबराइए मत। स्वयं को टटोलिए कि कहीं मेरी बात का अंदाज तो गलत नहीं। सोचें, सुधारें, फिर से प्रयास करें। शब्दों का चयन ठीक रखते हुए एक बार फिर बोलें तो शायद आपकी बात पर गौर फरमाया जाए। (उर्वशी)