Women’s Hockey Tournament : देश की बेटियों ने स्पेन को चटाई धूल

Women’s Hockey Tournament : देश की बेटियों ने स्पेन को चटाई धूल
Published on
  • मेजबान टीम को 3-0 से हराकर जीता खिताब, वंदना, मोनिका और उदिता ने दागा गोल

बार्सिलोना : भारतीय महिला हॉकी टीम ने 100वीं वर्षगांठ स्पेनिश हॉकी महासंघ-अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट जीत लिया है। भारतीय टीम ने रविवार को इस टूर्नामेंट की मेजबानी करने वाले देश स्पेन की टीम को धूल चटाकर 3-0 से खिताब अपने नाम कर लिया। भारत की ओर से वंदना कटारिया ने खेल के 22वें मिनट पर, मोनिका ने 48वें और उदिता ने 58वें मिनट पर गोल किया। भारत ने इस टूर्नामेंट की शुरुआती मैच में इंग्लैंड के खिलाफ 1-1 से मैच ड्रॉ किया था। इससे पहले शुक्रवार को भारतीय हॉकी टीम और स्पेन के बीच हुए मैच भी 2-2 से ड्रॉ रहा था। शनिवार को भारत ने लालरेसियामी की हैट्रिक के दम पर इंग्लैंड को 3-0 से हराकर टूर्नामेंट की पहली जीत दर्ज की थी। भारत को शीर्ष स्थान से हटाने के लिए स्पेन को रविवार को जीत की जबरदस्त दरकार थी। इस जीत के बाद भारत चार मैचों में अजेय रहकर आठ अंकों के साथ शीर्ष पर रहा, जबकि स्पेन और इंग्लैंड ने अपने चार मैचों में चार-चार अंकों के साथ संतुष्ट रहना पड़ा।

मैच का पहला क्वार्टर दोनों ओर से गोलरहित रहा। दोनों टीमों को गोल करने के कई मौके मिले, लेकिन वह उन्हें गोल में तब्दील नहीं कर सके। एफआईएच विश्व रैंकिंग में 8वें नंबर की भारतीय महिला हॉकी टीम ने आक्रामक शुरुआत की। वहीं, मेजबान टीम ने भारत पर दबाव बनाने की हर मुमकिन कोशिश की, लेकिन वह गोल करने में असफल रही और न ही भारत को गोल करने का अवसर दिया। दूसरे क्वार्टर की शुरुआत से ही दोनों टीमों ने आक्रामक रुख अख्तियार किया। स्पेन और भारत अपनी टीम का खाता खोलने के लिए एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दे रहे थे, लेकिन भारत ने तेजी से खेलना शुरू किया और मैच के 22वें मिनट में वंदना कटारिया ने फील्ड गोल कर टीम का खाता खोला और पहले हाफ के अंत तक भारत ने 1-0 की अपनी बढ़त को बनाए रखी।

दूसरे हाफ में पहला गोल करने का सपना स्पेन का अधूरा रह गया। स्पेन को अटैक भी भारतीय डिफेंस (रक्षापंक्ति) को नहीं तोड़ सका। तीसरे क्वार्टर में स्पेन ने अटैक करना जारी रखा, लेकिन भारतीय गोलकीपर और कप्तान सविता पूनिया ने उनकी उम्मीदों पर एक बार फिर से पानी फेर दिया। वहीं, भारत भी गोल करने से चूक गया। तीसरा क्वार्टर भी गोलरहित रहा। भारतीय महिला टीम ने चौथे और अंतिम क्वार्टर में अपना दबदबा स्पेन पर बनाए रखा और गोल करने की लगातार कोशिशें कीं। इस क्वार्टर में भारत ने दो गोल किए।

भारत ने चौथे क्वार्टर की शुरुआत में ही गोल दाग कर स्कोर 2-0 कर दिया। मैच के 48वें मिनट में मोनिका के फिल्ड गोल ने भारत को बढ़त दिलायी। इसके 10 मिनट बाद खेल के 58वें मिनट में उदिता ने फिल्ड गोल दागकर स्कोर 3-0 कर दिया। भारतीय महिला हॉकी टीम अब पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना के हांगझोऊ में 23 सितंबर से 08 अक्टूबर तक होने वाले एशियाई खेल 2023 में प्रतिस्पर्धा करती हुई नजर आएगी।

संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in