

नाखून अगर स्वस्थ व सुन्दर हैं तो आपके हाथों के सौंदर्य में चार चांद लगा देते हैं। नाखून आपके व्यक्तित्व को भी जाहिर करते है। जिन लोगों में असुरक्षा और आत्मविश्वास की कमी होती है वे नाखून मुंह से काटते रहते हैं। नाखूनों की लंबाई व आकार से ज्योतिष में आपके व्यक्तित्व के बारे में पता चल जाता है।
चिकित्सा क्षेत्र में नाखूनों को देखकर बहुत से रोगों का ज्ञान हो जाता है। अगर नाखून सफेद हैं तो व्यक्ति के शरीर में कैल्शियम की कमी है या हीमोग्लोबिन का स्तर कम है। अगर नाखूनों में पीलापन है तो व्यक्ति जॉन्डिस का रोगी हो सकता है। नाखूनों से पता चल जाता है कि व्यक्ति के शरीर में विटामिन व खनिज की पर्याप्त मात्रा है या नहीं। अगर आपके नाखून जल्दी टूटते हैं तो आपके शरीर में किसी पोषक तत्व की कमी हो सकती है।
शरीर के इतने महत्वपूर्ण भाग की हम प्रायः उपेक्षा करते है। नाखूनों के स्वास्थ्य और सौंदर्य दोनों की देखभाल जरूरी है। सबसे पहले तो नाखूनों का साफ होना अति आवश्यक है क्योंकि अगर ये साफ नहीं हैं तो आप कई रोगों का शिकार हो सकते हैं। प्रायः नाखूनों के किनारों पर मैल जमी रहती है। अगर यह खाने के साथ हमारे शरीर में प्रवेश कर जाएं तो पेट में कृमि हो सकते हैं व इससे संबंधित अन्य रोग भी हो सकते हैं। नाखूनों को लंबा रखने का फैशन तो है पर अगर नाखूनों को छोटा व सही आकार देकर रखा जाए तो आपके हाथों का सौंदर्य भी सुरक्षित रहेगा और आपका स्वास्थ्य भी। अगर नाखून बड़े रखते हैं तो इनकी सफाई के प्रति अधिक सचेत रहें।
नाखूनों के पोषण के लिए संतुलित भोजन लें। दूध, अंडे, विटामिन ए, ई, बी, के अच्छे स्रोतों, कैल्शियम, जिक, मैग्नीशियम आदि के स्रोतों का सेवन करें ताकि नाखूनों की चमक, सौंदर्य व पोषण कायम रहे। अगर आपके नाखून जल्दी टूटते हैं तो आपको अपनी डाइट पर विशेष ध्यान देना होगा। अगर आपके नाखून स्वस्थ हैं तो अब ध्यान देने की जरूरत है उनके सौंदर्य पर। नाखूनों के सौंदर्य के लिए निम्न सुझाव अपनाएं :-
हर सप्ताह के अंत में नाखूनों से पुरानी नेल पॉलिश उतारें। नाखूनों की नेल पालिश रिमूवर की सहायता से अच्छी तरह उतार लें। अब क्यूटिकल स्टिक से क्यूटिकल्स को पीछे की ओर धकेलें। कभी भी इन क्यूटिकल्स को काटें नहीं।
अब एमरी बोर्ड की सहायता से नाखूनों को आकार दें। एमरी बोर्ड की खुरदरी साइड से नाखूनों को छोटा करें व फाइन साइड से उन्हें आकार दें।
अगर आपके नाखून कमजोर हैं तो नाखूनों पर ज्यादा ध्यान दें। उन्हें फाइल करते वक्त विशेष सावधानी बरतें।
नाखूनों की सफाई के लिए थोड़ा गुनगुना पानी लेकर उसमें शैम्पू की कुछ बूदें मिलाएं ।
इसमें 5 मिनट तक हाथों को डुबोए रखें । मैनीक्योर ब्रश से नाखूनों को साफ करें ।
फिर तौलिए से नाखूनों को साफ कर लें ।
नाखूनों की मालिश भी उन्हें मजबूती देती है इसलिए किसी अच्छे आयल जैसे आलिव आयल से नाखूनों की मालिश करें।
मालिश के पश्चात् अब नाखूनों को सजाइए। नाखूनों पर आयल मौजूद होगा इसलिए गर्म पानी से भीगे तौलिए से नाखूनों पर से अतिरिक्त आयल उतार लें। नाखूनों पर नेलपालिश ब्रश से बेस कोट लगाएं। पहले ब्रश नाखूनों के मध्य लगाएं, फिर दोनों किनारों पर एक-एक ब्रश लगाएं। बेस कोट सूख जाने पर दूसरा कोट लगाएं। इस पर भी अतिरिक्त ग्लास देने के लिए आप ग्लासी टॉप कोट लगा सकती हैं।
नाखूनों पर हमेशा नेल पॉलिश न लगाएं। इससे नाखूनों में पीलापन आ जाता है।
नाखूनों से औजारों का काम भी न लें। कई महिलाएं इससे ढक्कन खोलने का काम लेती है। ऐसे कामों में नाखून टूट सकते हैं।
प्रतिदिन रात को सोने से पूर्व थोड़ी सी कोल्ड क्रीम लगाकर या आलिव आयल से नाखूनों की मालिश करें पर इससे पूर्व नाखूनों को अच्छी तरह साफ कर लें।
सोनी मल्होत्रा(उर्वशी)