

विवाह होने के पश्चात् अधिकतर यही देखने को मिलता है कि हर जोड़े को यही शिकायत रहती है कि अब उनके बीच पहले जैसा प्यार नहीं रहा। जो पति प्रेमी रूप में विवाह से पहले अपनी पत्नी यानी प्रेमिका को सिर पर बैठाकर रखता था, उसके नाज-नखरे उठाता था, उसमें विवाह के पश्चात् बदलाव आ गया है। अब वह प्यार तकरार बन गया है।
यही समस्या पति को अपनी पत्नी में भी नजर आती है। जो प्रेमिका अपने प्रेमी को जरा भी नाराज नहीं करती थी, हमेशा सजी संवरी नजर आती थी, वह पत्नी रूप में आते ही बदल जाती है। यह सही है कि विवाह के पश्चात् बहुत से परिवर्तन आते हैं, जिम्मेदारी बढ़ती है, परिस्थितियां बदलती हैं जिससे रिश्ते अछूते नहीं रह सकते पर विवाह के पश्चात् भी आपके रिश्ते में प्रेमी प्रेमिका का रोमांस, प्यार बना रह सकता है। बस आपको काम लेना होता है थोड़ी सूझ-बूझ से और इस सूझबूझ से आपको पत्नी के रूप में प्रेमिका मिल जाएगी और पति के रूप में प्रेमी।
अपने पति को खुश रखने का हर संभव प्रयास करें। आपके प्रयास ऐसे होने चाहिए कि उन्हें शिकायत करने का मौका न मिलें। अगर पति की खुशी के लिए आपको थोड़ाबदलना भी पड़े तो बदल जाएं। तभी आपके पति आपके वश में रह सकेंगे। जो अपेक्षा पत्नी से की जा रही है, पति भी अपनी पत्नी को खुश रखने के लिए वही प्रयास करें।
अपने अन्दर के प्रेमी-प्रेमिका को गुम न होने दें। कितनी भी व्यस्तता क्यों न हो, एक दूसरे के साथ जितना समय गुजारने को मिले, गुजारें। शादी से पहले जैसे आप अपनी प्रेमिका को फोन पर फोन करते थे, शादी के बाद ऐसा न हो कि आपको उनसे फोन पर बात करने की सुध भी न रहे। अगर फोन पर ज्यादा लंबी बात न भी कर सकें तो सिर्फ तीन अक्षर 'आई लव यू' ही काफी हैं जो आपकी पत्नी के दिल पर दस्तक दे जाएंगे। कभी उन्हें घर जल्दी पहुंच कर सरप्राइज दें। कभी उनके लिए खाना बनाएं। ये छोटे-छोटे प्यार भरे क्षण आप दोनों के बीच प्रेमी प्रेमिका के प्यार को बनाए रखेंगे।
अधिकतर महिलाएं पत्नी बनते ही घर की जिम्मेदारियों में ऐसी खो जाती हैं कि बनना संवरना भूल जाती हैं। पति हमेशा अपनी पत्नी को प्रेमिका की भांति सजी संवरी देखना चाहता है इसलिए अपने उनके लिए सजिए। आपका शृंगार ऐसा हो कि आप उन्हें हमेशा नयी-नयी लगें।
एक दूसरे की भावनाओं की कद्र करें। आपका व्यवहार एक दूसरे के प्रति कभी कटु नहीं होना चाहिए। विवाह से पहले तो प्रेमी-प्रेमिका को एक दूसरे में खूबियां ही खूबियां दिखती हैं पर विवाह के बाद पति-पत्नी बनते ही एक दूसरे में कमियां ढूंढनी शुरू कर देते हैं। गुण व कमियां दोनों को स्वीकारें और कमियों को नजरअंदाज करना सीखें। एक दूसरे के लिए कुछ करने की भावना को मन में स्थान देंगे तो कमियां अपने आप दूर हो जाएंगी।
एक दूसरे से अपेक्षा रखना तो अच्छी बात है पर अगर उस अपेक्षा से दूसरे को परेशानी हो तो उस अपेक्षा को न रखना ही बेहतर है। पत्नी को वश में रखने का सबसे बड़ा मंत्र है कि आप कभी भी पत्नी के सगे संबंधियों के बारे में कोई ताना न मारें और पत्नी के माता-पिता, भाई-बहनों को पूरा सम्मान व प्यार दें। अगर इसमें आपको चापलूसी भी करनी पड़े तो पत्नी को खुश रखने के लिए कीजिए।
शादी के बाद आप दोनों पर जिम्मेदारियां तो बढ़ती हैं पर फिर भी एक दूसरे के साथ शाॅपिंग इकट्ठे जाएं, सप्ताह में एक बार फिल्म देखने जाएं, कभी डिनर के लिए बाहर जाएं। जितना समय एक दूसरे के लिए अकेला निकाल सकें, निकालें। प्रेमी-प्रेमिका का रोमांस भी आपके रिश्ते में होना बहुत आवश्यक है। इसके लिए सबसे जरूरी है आपकी सेक्स लाइफ का अच्छा होना। जिन दम्पतियों की सेक्स लाइफ अच्छी होती है वे प्यार में डूबे सुखी जीवन व्यतीत करते हैं। इसमें भी एक दूसरे की भावनाओं को ध्यान में रखें। पति को खुश रखना पत्नी का कर्त्तव्य है और पत्नी को खुश रखना पति का। अगर दोनों अपनी जिम्मेदारी सही तरह से निभा लें तो आप हमेशा प्रेमी-प्रेमिका बने रह सकते हैं।
अक्सर पति इसी बात की शिकायत करते हैं कि जैसे ही पत्नी मां का दायित्व निभाने लगती है, उनकी परवाह नहीं करती, इसलिए हर पत्नी को चाहिए कि बच्चों के साथ व्यस्तता के बावजूद पति की परवाह करे। उनके खाने-पीने, उनकी जरूरतों का पूरा ध्यान रखे।
तोहफों का आदान-प्रदान न केवल प्रेमी-प्रेमिका के बीच होता है बल्कि हर रिश्ते में ये प्यार भरे तोहफे आपके मन में दूसरे व्यक्ति के लिए कितना प्यार है, इसको जाहिर करते हैं, इसलिए आप दोनों एक दूसरे को छोटे बड़े एक दूसरे की पसंद के तोहफे देते रहें। ये तोहफे आपके रिश्तों को अपने पन का एहसास देते हैं। (उर्वशी)सोनी मल्होत्रा