

छुट्टियों से मेरा आशय उन छुट्टियों से कतई नहीं है जो कामकाजी महिलाओं को अपने दफ्तरों से मिलती हैं जैसे अर्जित अवकाश, आकस्मिक, अनाकस्मिक और न जाने क्या-क्या।
गृहिणी के अवकाश से मेरा आशय उस छुट्टी से है जो सप्ताह में एक दिन न सही, आधे दिन की ही हो किंतु उस आधे दिन में उसे कोई काम न करना हो। वह समय उसका अपना हो, बिलकुल अपना। उस समय में वह अपनी रुचि का काम जो चाहे कर सके। कोई उपन्यास पढ़ना, किसी पुरानी सखी के घर जाकर उसे सरप्राइज देना, आपस में गप्पें लड़ाना या फिर कुछ भी करना क्योंकि कभी-कभी दिल ढूंढता है फिर वही फुर्सत के रात-दिन।
जितना कठिन आपको यह लग रहा है, उतना कठिन वास्तव में है नहीं। जरूरत है इरादे और थोड़ी सी मेहनत की। आपकी सहायता के लिए लिये कुछ सुझाव पेश हैं। बेहतर होगा कि आप पत्नी के लिये रविवार शाम की छुट्टी घोषित कर दें। वह अधिकतर काम तो दिन में निपटा ही लेगी, बचेगा शाम का चाय-नाश्ता व रात का भोजन। यह काम आपको व बच्चों को मिल जुल कर करना है। इसके लिये शाम को फीचर फिल्म के मध्यांतर में जोरदार नाश्ते की कुछ ऐसी व्यवस्था कर लें कि रात को खिचड़ी, पुलाव या ब्रेड आदि से काम चल जाये।
जरूरी यह है कि जो कुछ बनाना हो, पहले से तय कर लें। जो चीज जहां से उठायें, वहीं वापस रखें। घर इतना अव्यवस्थित न कर दें कि उसके अगले दिन पत्नी को ओवरटाइम करना पड़े। आप इस तरकीब को आजमाकर तो देखिये। इससे कई लाभ होंगे। आने वाले सप्ताह के लिये पत्नी को नयी उमंग-नयी स्फूर्ति मिलेगी। आपका खाना बनाने का अभ्यास होता रहेगा, पत्नी को आपका बनाया भोजन मिलेगा तो उसे एक नयापन-एक चेंज मिलेगा।
उसे यह भी अहसास होगा कि आप उसका कितना ख्याल रखते हैं। तो फिर देर किस बात की, आज ही कर दीजिए घोषणा, आनेवाले रविवार की छुट्टी की। (उर्वशी)विजय कुमार बजाज