

कुमकुम ने भूल से आंटी की मेज से चप्पलें सटा दी। उसकी आंटी ने उसे तुरंत डांट
दिया। अरे ये क्या किया, टेबल गंदी हो गई। कुमकुम की मां को यह बात अच्छी नहीं
लगी।
दरअसल उनकी सहेली का घर क्या था, महल था। काफी भव्य तरीके से उसे सजाया
गया था। आलीशान सोफे-टेबल, कुशन कवर्स, कालीन, सजावटी सामान जिन्हें देखकर
किसी का भी मुंह फटा का फटा रह जाए, जिन्हें छूते हुए भी डर लगे कहीं मैले न हो
जाए।
वह घर भी क्या घर जहां आदमी सुकून से भी न बैठ सके। आखिर घर आराम की
जगह ही माना जाता है जबकि यहां डर होता है कि कहीं कुछ गंदा न हो जाए। इतना
आलीशान घर भी किसी काम का नहीं जहां किसी चीज के गंदे होने या टूटने का डर ही
सताता रहे।
हर व्यक्ति अपना घर महल की तरह ही देखना चाहता है लेकिन वह साथ-साथ घर भी
तो हो, सिर्फ महल ही नहीं जहां बैठने पर चैन की सांस मिले न कि मन में किसी
प्रकार का संकोच ही भरा रहे।
यह सच है कि घर की सुन्दरता में सजावटी वस्तुओं का काफी योगदान होता है। दूसरे
उसकी साफ-सफाई का भी योगदान होता है लेकिन घर की सुन्दरता तभी है जब रहने
वाले लोग हंसते-खिलखिलाते रहें। परिवार के लोगों से ही वास्तव में घर बनता है।
यह सच है कि महंगी वस्तुएं और ज्यादा सामान घर में इकट्ठा कर लेने से वह घर
अच्छा भी नहीं लगता। इसी तरह एकदम खाली-खाली घर भी अच्छा नहीं लगता। उससे
आंखों में अकेलेपन की चुभन होती है।
घर में कम से कम अपनी जरूरत का सामान तो रखना ही चाहिए। फिर भी यह सवाल
दिमाग में उठता है कि घर में ऐसी कौन-कौन सी चीजें रखें जिनसे घर सुन्दर तो लगे,
उसमें भीड़भाड़ भी न लगे और न ही वह एकदम खाली-खाली लगे।
घर में फर्नीचर एक समान रंग का रखें, वह भी नेचुरल एवं साधारण रंग का हों।
प्रत्येक सामान की सेटिंग इस प्रकार की हो कि आप चलते-फिरते उससे टकराएं न।
घर में फूल भी सजाएं। ऑरिजिनल न सही, बनावटी ही सही। प्रत्येक कोने में फ्लावर
पॉट में फूल रखें ताकि आपके जीवन में बहार छाई रहें।
अपने शयनकक्ष में परिवार की हंसती-खेलती तस्वीरें लगाएं जिन्हें देखने पर आपको
सकारात्मक ऊर्जा मिले।
पौधे भी शोभा बढ़ाते हैं। इसलिए अपने घर में पौधों के गमले रखें ताकि उन्हें देखकर
आपका मन ताजगी से भर उठे। मनीप्लांट का पौधा घर के लिए सौभाग्यशाली माना
जाता है, इसलिए अपने घर के प्रवेश द्वार पर मनीप्लांट लगाएं।
घर में एंटीक चीजें और अपनी और अपने परिवार की ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीरें लगाने
से क्लासिक लुक आएगा। शिखा चौधरी(उर्वशी)