बाल भी मांगते है देखभाल

Hair Care
बाल भी मांगते हैं देखभाल
Published on

हवा में लहराते हुए काले घने लम्बे और स्वस्थ बाल किसे आकर्षित नहीं करते। यही कारण है कि चमकते रेशम जैसे मुलायम बालों की अभिलाषा हर नारी के मन में होती है। अपने बालों को लेकर सभी की अलग-अलग समस्याएं होती हैं, अत: महिलाएं बालों का रोना रोती रहती हैं, उनको खूबसूरत बनाने के लिए तरह-तरह के केशनिखार तेल, शैम्पू व सौन्दर्य प्रसाधन प्रयोग करती रहती हैं लेकिन कभी-कभी उनके भी परिणाम उल्टे ही निकलते हैं। फलस्वरूप बाल पहले से भी ज्यादा रूखे, चमकविहीन तथा बेजान हो जाते हैं।

केशों की सुन्दरता में चार चांद लगाने के लिए यदि उनकी नियमित रूप से देखभाल की जाए तो वे घने, रेशमी तथा मुलायम हो सकते हैं। रूखे और बेजान बाल खुद को भी अच्छे नहीं लगते अत: उनमें प्राकृतिक चमक लाने के लिए निम्न बातों पर ध्यान दें-

  • सप्ताह में एक बार लगभग 20 मिनट तक बालों की मालिश करें। मालिश करने के लिए जैतून, सरसों, नारियल या आंवला तेल उपयुक्त हैं। मालिश के तुरन्त बाद बालों को धोना नहीं चाहिए बल्कि कुछ देर तक तौलिए से लपेटकर उन्हें भाप अवश्य दें जिसने तेल बालों की जड़ों में पहुंचकर उन्हें उचित पोषण देगा तथा रक्त संचार भी बढ़ेगा।

  • मेंहदी बालों में कुदरती रौनक भर देती है। उस चमक को पाने के लिए मेंहदी को सिर पर महीने में दो बार अवश्य लगाएं। मेंहदी लगाने से लगभग चार घंटे पहले किसी लोहे के बर्तन में भिगो दें। उसमें आधा चम्मच नारियल तेल, तीन-चार बूंद नींबू रस मिलाने के बाद बालों पर लगाएं तथा चार-पांच घंटे बाद सिर धोएं। ध्यान रहे, उस समय साबुन या शैम्पू का प्रयोग नहीं करना चाहिए। बाल सूखने पर घने व चमकदार नजर आयेंगे।

  • आज के युग में अधिकांश महिलाएं शैंपू का ही प्रयोग करती हैं मगर अपने बालों के अनुसार शैंपू चुनने में कभी-कभार भूल भी हो जाती है, अत: अपने बालों के अनुरूप ही शैंपू इस्तेमाल करें। तैलीय बालों के लिए लेमन शैंपू, रूखे केशों के लिए एग शैंपू, तथा सामान्य बालों के लिए माइल्ड शैंपू उचित हैं। शैंपू लगाने के बाद सिर को तब तक धोएं जब तक शैंपू बालों से निकल न जाएं। उन्हें सुखाने के लिए अगर ड्रायर का प्रयोग करना हो तो ड्रायर सिर से इतना दूर रखें कि बाल ज्यादा गरम न हो जाएं नहीं तो वे अपनी चमक खो सकते हैं।

  • जिस तरह से इन्सान को स्वस्थ रहने के लिए विटामिन युक्त भोजन की जररूत होती है उसी प्रकार बालों को स्वस्थ एवं सुन्दर बनाये रखने के लिए खाद्य पदार्थों का योगदान महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाता है। भोजन में सोयाबीन, राजमा, अंकुरित दालें, चना तथा ताजे फलों, का रस, हरी सब्जियां दूध व पनीर का पर्याप्त मात्रा में सेवन करें।

  • यदि बाल गंदे रहते हैं तो बालों को जितनी ज्यादा खुराक मिलती है, जुएं भी उतनी ही पनपती हैं। फिर तो इनसे छुटकारा पाना मुश्किल हो जाता है इसलिए बालों की नियमित रूप से सफाई करनी आवश्यक है। इसके लिए नीम की पत्तियों को उबालकर सिर धोयें या प्याज का रस और तुलसी का रस समान मात्रा में मिलाकर रात को बालों में लगाएं। सुबह उठाकर धो लें। जुएं खत्म हो जायेंगी।

  • बालों का झड़ना भी एक बड़ी समस्या है। कंघी करते समय या सिर धोते समय 10.15 बालों का निकलना स्वाभाविक प्रक्रिया है लेकिन बालों को ज्यादा समय तक रूखे रखने से उनकी जड़ें कमजोर हो जाती हैं और वे अधिक मात्रा में झड़ने लगते हैं जो परेशानीदायक हो सकता है। इसके लिए तुलसी के पत्ते तथा आंवले का चूर्ण पानी में घोलकर सिर पर मलें और पन्द्रह मिनट बाद सिर धो लें। बाल गिरने बन्द हो जायेंगे और काले भी होंगे।

  • मुल्तानी मिट्टी को दही में मिलाकर उसे बालों की जड़ों पर अच्छी तरह से लगा दें। एक घंटे बाद सिर धोएं। मुल्तानी मिट्टी लाभदायक होती है।

  • केशों को बढ़ाने के लिए ककड़ी, पालक और गाजर का रस पीना चाहिए। दही में पिसी काली मिर्च लगाकर सिर धोने से बाल मुलायम एवं काले होते हैं। (उर्वशी)

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in