आप भी तो नहीं कर रहीं ये गलतियां ?

रहन सहन
galatiyaan
रहन सहनaap bhi to nahin kar rahin hain ye galatiyaan ?
Published on

आजकल सुपर मार्केट का जमाना है। हर कोई अपनी पसंद के हिसाब से सामान चुनना पसंद करता है लेकिन यह सहूलियत कई बार जी का जंजाल बन जाती है और आप ऐसी चीजें खरीद लाती हैं जो न केवल आपका बजट बिगाड़ती है बल्कि सेहत के लिए भी खासी नुकसानदायक होती है।

खाना खा कर नहीं जातीं: सुपर मार्केट भूखे पेट कभी न जाएं। इससे उन चीजों, खासतौर पर खाने पीने की उन चीजों के खरीदे जाने की पूरी संभावना रहती है जिनकी आपको जरूरत नहीं है। खाने की ये चीजें घर आएंगी तो आप इन्हें खाएंगी भी और अपनी सेहत का सत्यानाश करेंगी। इसलिए खरीदारी से पहले घर पर अच्छी तरह खाना या स्नैक्स खाएं। आपका पर्स और आपकी कमर दोनों आपका शुक्रिया अदा करेंगे।

बिना तैयारी के जाती हैं: लिस्ट बनाएं बगैर सुपरमार्केट जाना कुछ ऐसा ही है जैसे बिना तैयारी के परीक्षा देना। लिस्ट के बगैर खरीदारी करने से आप कुछ गैरजरूरी चीजों की खरीदारी कर डालती हैं, ठीक वैसे ही जैसे भूखे पेट जाने पर। यदि आप लिस्ट या स्लिप बनाती हैं और वो घर छूट जाती है तो लिस्ट अपने फोन में बनाने की आदत डाल लें। फोन में उस रेसिपी की फोटो ले सकती हैं जिसे बनाने की सोच रही हैं।

सेल में खरीद लेती हैं: सुपर मार्केट्स में ऑफर्स की बाढ़ आई हुई होती है। सामान्यत: आप जिन चीजों की खरीदारी नहीं करतीं, उन्हें सेल में खरीद लेती हैं। सेल में केन्ड, फ्रोजन फूड्स, योगर्ट, नट्स जैसी चीजों को तो खरीद लें लेकिन कपकेक्स, कुकीज जैसी चीजें न लें। याद रखें, सुपर मार्केट्स में अक्सर वही चीजें सेल में होती हैं जिनकी 'एक्सपायरी डेट' पास होती हैं।

शुरुआत गलत काउंटर से: आप भी खरीदारी करें तो शुरुआत में हमेशा कार्ट को फल, सब्जियों, डेयरी प्रोडक्ट्स और साबुत अनाज से बनी चीजों से भर लें। इसके बाद ही चिप्स, कुकीज, केक्स, क्रैकर्स और सोडा लें। यह कुछ ऐसे ही सिद्धांत पर आधारित है कि जैसे जब आप खाना खाने बैठें तो सबसे पहले प्लेट में हेल्दी आइटम्स डालें। उसके बाद मीठा लें। इसलिए सेहतमंद चीजों की खरीदारी पहले करें और जो चीजें प्राथमिकता में नहीं है, उन्हें बाद में लें।

केवल ऑर्गेनिक: आपको लगता है कि ऑर्गेनिक फूड सेहत के लिए सबसे ज्यादा मुफीद हैं, इसलिए आप इन्हें किसी भी दाम में खरीद लेती हैं। यह ठीक है कि ऑर्गेनिक फूड अच्छा होता है लेकिन बहुत महंगा भी होता है। इसलिए अगर आपका बजट आपको इजाजत नहीं देता तो ऑर्गेनिक चीजों को कार्ट में न डालें। आपको केवल इतना ध्यान देना है कि आपको वही चीजें खरीदनी हैं, जो सेहतमंद हैं, भले ही वे ऑर्गेनिक हों या नहीं।

पड़ती हैं चक्कर में लो कैलोरी के: आप सेहत का बहुत ध्यान रखती हैं, इसलिए कोई भी चीज खरीदते हुए देखती हैं कि वह लो कैलोरी, रिड्यूस्ड फैट या फैट फ्री हो, लेकिन कम फैट खाने से आप कई बार भूखी रह जाती हैं और फिर दूसरी चीजें ज्यादा खा लेती हैं। इसलिए अगर आपको स्नैक्स की खरीदारी करनी हो तो प्रोटीन और फाइबर का मिश्रण खरीदें जैसे फल के साथ पीनट बटर। (उर्वशी)

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in