दीक्षा ने बनाया राष्ट्रीय रिकाॅर्ड….

दीक्षा ने बनाया राष्ट्रीय रिकाॅर्ड….
Published on

नयी दिल्ली : भारतीय ट्रैक एथलीट के एम दीक्षा ने लॉस एंजिल्स में साउंड रनिंग ट्रैक महोत्सव में महिलाओं की 1500 मीटर में नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया, जबकि अविनाश साबले पुरुषों की 5000 मीटर स्पर्धा में दूसरे स्थान पर रहे। दीक्षा ने प्रतियोगिता में 4 मिनट 4.78 सेकेंड का समय लेकर दूसरा स्थान हासिल किया। इस 25 वर्षीय खिलाड़ी ने हरमिलन बैंस का रिकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने 2021 में वारंगल में राष्ट्रीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 4 मिनट 5.39 सेकेंड के समय के साथ रिकॉर्ड बनाया था। उत्तर प्रदेश के अमरोहा के रहने वाली दीक्षा का पिछला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4 मिनट 6.07 सेकेंड था जो उन्होंने 2023 में भुवनेश्वर में राष्ट्रीय अंतरराज्यीय एथलेटिक्स चैंपियनशिप के फाइनल में हासिल किया था। महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ में पारुल चौधरी 15 मिनट 10.69 सेकेंड का समय लेकर पांचवें स्थान पर रही जबकि अंकिता ने इसी स्पर्धा में 15 मिनट 28.88 सेकेंड का समय लेकर दसवां स्थान हासिल किया। साबले ने पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में 13 मिनट 20.37 सेकेंड का समय लेकर दूसरा स्थान हासिल किया। इस स्पर्धा में भाग ले रहे भारत के एक अन्य खिलाड़ी गुलवीर सिंह ने 13 मिनट 31.95 सेकेंड में दौड़ पूरी की। साबले का 5000 मीटर दौड़ में राष्ट्रीय रिकॉर्ड 13 मिनट 19.30 सेकेंड है।कार्तिक कुमार ने पुरुषों की 10000 मीटर दौड़ में 28 मिनट 7.66 सेकेंड का समय लेकर दूसरा स्थान हासिल किया।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in