

हर स्त्री की चाहत होती है कि वह सबसे ज्यादा सुन्दर दिखाई दे। यह सही भी है क्योंकि आज का जमाना स्वस्थ, सुन्दर व स्मार्ट लोगों का ही है। इन लोगों के गुणों में कमी होते हुए भी आज के समाज, पार्टियों, समारोहों आदि में अधिक मान दिया जाता है। फिर नारी का सबसे पहला गुण ही तन की सुन्दरता यानी उसकी कामिनी काया व चन्द्रमुखी रूप को माना गया है। अतः यदि नारी अपनी सुन्दरता के प्रति जागरूक है तो यह किसी भी प्रकार से गलत नहीं है मगर यदि आप अपने सौन्दर्य के प्रति जागरूकता के बावजूद चिन्ताग्रस्त हैं और अधिक अच्छे परिणामों की आशा है तो सबसे पहले यह लेख अवश्य पढ़ें।
दीपिका अपने काले, लम्बे बालों के तेजी से झड़ने के कारण दुःखी है जबकि उसका कहना है कि वह अपने बालों की बहुत देखभाल करती है। यही हाल श्रीमती भटनागर का है पर उनके दुखी होने का कारण है कि यद्यपि वे अपनी गोरी, चिकनी त्वचा की बहुत देखभाल करती हैं पर फिर भी उनकी त्वचा दिन पर दिन सांवली होती जा रही है।
दीपिका और श्रीमती भटनागर की तरह अनेकों महिलाएं आपके भी आसपास होंगी जो अपने शरीर व चेहरे के प्रति अत्यधिक जागरूक होती हैं पर फिर भी वे उसी ओर से दुखी भी होती हैं। उनके दुःखी होने का कारण होता है उनकी उस ओर से अज्ञानता। दीपिका को ही देखिए। उसे अपने लम्बे बालों से बहुत प्यार है, अतः वह हर किसी से लम्बे बाल करने के विषय में पूछती रहती है। अगर कोई कह देता कि वह फलां शैम्पू इस्तेमाल करती है तो दीपिका भी वही शैम्पू इस्तेमाल करने लगती है। अगर कोई कह देता है कि मैं तो मेहंदी हफ्ते में दो तीन बार लगाती हूं तो दीपिका भी उसी की देखादेखी करती है। इस प्रकार वह हर किसी के तरीके को अपने बालों पर आजमाती रहती है। इसी तरह का हाल श्रीमती भटनागर का भी है। वे अपने चेहरे पर दो तीन प्रकार की क्रीमें व उबटन प्रतिदिन लगाती हैं। उबटनों में से कुछ तो बेमौसमी होते हैं। इसी कारण से उनकी गोरी, चिकनी त्वचा भी सांवली पड़ गई है।
दीपिका और श्रीमती भटनागर को कहीं ढूंढने की आवश्यकता नहीं है क्योंकि वे तो हमारे आसपास हैं और आप में भी हो सकती हैं। अतः यदि आप भी अपने सौन्दर्य के प्रति सजग हैं तो आप भी अपना सौन्दर्य निखारिए मगर नीचे लिखी बातों को अवश्य ही ध्यान में रखिए और अपने सौन्दर्य के विषय में चिन्ताजनक स्थिति नहीं आने दीजिए। साथ ही अपने रूप सौन्दर्य में कई गुणा वृद्धि कीजिए-
बार बार या जल्दी जल्दी शैम्पू न बदलें।
सिर्फ किसी के कहने मात्र से नई चीजें या गलत चीजों को बालों में न लगाएं जब तक कि उस विषय में आपको पूरा पता न हो जैसे नींबू आदि, क्योंकि यह जरूरी नहीं है कि जो चीज दूसरे व्यक्ति को सूट कर रही है वह आपको भी करें।
मेहंदी ज्यादा व जल्दी जल्दी बालों में न लगाएं। हफ्ते में ज्यादा से ज्यादा दो बार लगायें। वैसे यह आपके लगाने के कारण पर भी निर्भर करता है।
बालों में तेल भी खुला मिलने वाला न लगाएं। बालों के लिए तैयार किसी अच्छे कम्पनी की बंद बोतल में मिलने वाले तेल का ही उपयोग करें। बेहतर हो यदि तेल रंग व सुगंध रहित हो।
बालों को रोजाना धोने के लिए शिकाकाई का इस्तेमाल करें। केवल तेल निकालने के लिए ही शैम्पू का इस्तेमाल करें।
एक दिन में कई उबटनों का उपयोग चेहरे पर न करें।
उबटनों को मौसम के अनुसार ही लगाएं, जैसे हल्दी के उबटनों को केवल सर्दी में लगायें।
किसी भी नई चीज को चेहरे पर लगाने से पूर्व गले के पीछे या हाथ पर लगाकर एक रात देखें।
किसी भी नए उबटन के विषय में एक बार अपनी सौन्दर्य विशेषज्ञ से भी पूछ लें क्योंकि कई बार उबटन हर प्रकार की त्वचा के लिए न होकर किसी विशेष प्रकार की त्वचा के लिए ही होते हैं।
यदि कोई उबटन आपको सूट नहीं करे तो उसे तुरन्त धो डालिए।
हाथ पैरों व गर्दन पर भी चेहरे का उबटन लगाएं।
जी खोलकर हंसना व तनावयुक्त रहना ही चेहरे व शरीर का सबसे अच्छा व्यायाम है,
अतः सदा प्रसन्नचित रहिए।
अपनी त्वचा को पहले पहचानिए, फिर उसी के अनुसार उसकी साज संवार करिए।
प्रतिदिन चेहरे की त्वचा की तेल, क्रीम या माश्चराइजर से मालिश करें।
जहां तक संभव हो त्वचा को ढक कर रखें व छाया में रखें परन्तु चेहरे सहित बदन को 5 मिनट प्रतिदिन धूप भी दें।
कोई भी उबटन आंखों पर कभी न लगाएं।
आंखों के अन्दर किसी भी सौन्दर्य सामग्री को भूल कर भी न डालें।
आंखों का पूर्ण मेकअप है उन्हें पूर्ण आराम देना।
आंखों के अन्दर कभी भी काजल न लगायें। बेहतर हो यदि आंखों की सुन्दरता के लिए उसे बाहर की तरफ ही लगाया जाए।
ऐसा व्यायाम कदापि न करें जिसके विषय में पूर्ण जानकारी न हो।
व्यायाम करने की शुरुआत छोटे मोटे व्यायामों से ही करनी चाहिए। फिर बड़े बड़े व्यायामों की ओर धीरे-धीरे बढ़ना चाहिए।
व्यायाम को सदैव सुबह अथवा शाम को ही करें, वह भी खाली पेट केवल एक गिलास पानी पी कर करें। शाम को व्यायाम से दो घंटे पूर्व कुछ न खायें।
कुछ अन्य निम्न बातें भी सदा ध्यान में रखें।
यदि आप फेशियल घर पर ही करना चाहती हैं तो बेहतर होगा एक बार ब्यूटी पार्लर जाकर वहां आप यह करवा आएं ताकि अधिक जानकारी हो जाए।
सदैव अच्छी कम्पनी की सौन्दर्य प्रसाधन सामग्री ही प्रयोग करें।
जो कुछ भी आप नया करना चाहती हों, अपने सौन्दर्य के प्रति तो डॉक्टर अथवा सौन्दर्य विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य ले लें। (उर्वशी)रचना सिंह