भारत

सोरेन ने झारखंडवासियों की दीं नववर्ष की शुभकामनाएं, पर्यटन स्थलों पर उमड़े लोग

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने साल 2050 तक झारखंड को एक समृद्ध, न्यायपूर्ण राज्य बनाने की इच्छा प्रकट की है।

Narendra Kumar Singh

रांचीः झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बृहस्पतिवार को नये साल की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी सरकार साल 2050 तक झारखंड को एक समृद्ध, न्यायपूर्ण राज्य बनाने और सतत प्रगति की राह पर ले जाने के संकल्प के साथ काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाली सरकार इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए ऐसी नीतियों और योजनाओं पर जोर दे रही है, जिनके केंद्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वरोजगार, सामाजिक सुरक्षा, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण और स्थानीय समुदायों के अधिकार व सम्मान हों।

उन्होंने कहा, ‘‘नया साल हमारे वीर पूर्वजों के ‘सोना झारखंड’ के सपने को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।’’ उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘झारखंड ने बीते वर्षों में संघर्ष, संकल्प और संभावनाओं की एक लंबी यात्रा तय की है। इस यात्रा में राज्य के नागरिकों, विशेषकर आदिवासी, मूलवासी, किसान, श्रमिक, महिलाओं और युवा वर्ग की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। हमने सामाजिक न्याय, जनकल्याण और समावेशी विकास की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए। अब युवा झारखंड का लक्ष्य और अधिक स्पष्ट है - 2050 तक एक समृद्ध, न्यायपूर्ण और सतत झारखंड का निर्माण।’’

पर्यटन स्थलों पर पिकनिक के लिए उमड़े लोग

रांची समेत विभिन्न जिलों में जलप्रपातों, झीलों और पार्क जैसे स्थलों पर सुबह से ही भारी भीड़ जुटने लगी है। रांची में बड़ी संख्या में लोगों के दशम जलप्रपात, जोन्हा जलप्रपात और हुंडरु जलप्रपात के साथ-साथ चिड़ियाघर भी देखने आने की उम्मीद है।

रांची पुलिस अधीक्षक (एसपी) पारस राणा ने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सभी थानों को एहतियात के तौर पर विशेष रूप से बांधों और जलाशयों पास स्थित होटल, रेस्तरां, पार्क के आस पास कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के लिहाज से 104 संवेदनशील स्थानों की पहचान कर पर्याप्त बल तैनात किया गया है। उन्होंने लोगों से सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से नव वर्ष का जश्न मनाने की अपील की।

SCROLL FOR NEXT