विदेश

ताइवान में फंग-वोंग तूफान ने मचाई तबाही

8,500 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया

नई दिल्ली : ताइवान के कुछ हिस्सों में उष्णकटिबंधीय दबाव के कारण बृहस्पतिवार को भारी बारिश हुई, जिससे बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है और भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है। वहीं दक्षिणी ताइवान की पिंगतुंग काउंटी में बुधवार शाम आए तूफान के कारण द्वीप पर कुल 95 लोग घायल हो गए। फंग-वोंग तूफान के निकट आने पर अधिकारियों ने तटीय और पहाड़ी क्षेत्रों से 8,500 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला है।

इस दबाव क्षेत्र के केंद्र के पास 54 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ़्तार से हवाएं चल रही थीं और बृहस्पतिवार को तेज झोंके भी आए। यिलान शहर के आसपास के उत्तरी तटीय इलाकों में सोमवार से अब तक 1.065 मीटर से अधिक बारिश हो चुकी है। ताइवान के पूर्वोत्तर बंदरगाह शहर कीलुंग और राजधानी ताइपे के आस-पास बृहस्पतिवार तक भारी बारिश जारी रहने के आसार हैं।

मौसम विभाग के अधिकारियों ने पहाड़ी इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन के खतरे की चेतावनी दी है। उन्होंने लोगों से इमारतों से उड़ते मलबे या ढीली वस्तुओं से भी सावधान रहने को कहा है।प्रभावित क्षेत्र के कुछ इलाकों में दो दिनों तक बंद रहने के बाद स्कूल और कार्यालय फिर से खुल गए हैं।

तूफान का सबसे ज़्यादा असर पूर्वी हुआलिएन काउंटी के मिंगली गांव में पड़ा है, जहां एक नाले के उफान पर आने से भारी बाढ़ आ गई। फंग-वोंग तूफान फिलीपीन में एक भीषण चक्रवात के रूप में पहुंचा था, जिसके कारण बाढ़, भूस्खलन और कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई थी। ताइवान के पास पहुंचते ही तूफान की गति और ताकत कम हो गई है।

फंग-वोंग नाम कैसे पड़ा

फंग-वोंग (Fung-wong), जिसे फिलीपींस में सुपर टाइफून उवान (Uwan) के नाम से जाना जाता है, नवंबर 2025 के मध्य में फिलीपींस, ताइवान और जापान के रयूकू द्वीपों को प्रभावित करने वाला एक शक्तिशाली उष्णकटिबंधीय चक्रवात था। जो अब शांत पड़ चुका है लेकिन इसने भारी तबाही मचाई है।

SCROLL FOR NEXT