कोलकाता : आज यानी रविवार सुबह 5 बजे से 16 घंटे के लिए विद्यासागर सेतु बंद रहेगा। कोलकाता ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों के अनुसार, रविवार सुबह 5 बजे से रात 9 बजे तक पुल के दोनों ओर किसी भी वाहन के आवागमन की अनुमति नहीं होगी। इस 16 घंटे के प्रतिबंध का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पुल का रखरखाव कार्य सुचारु रूप से पूरा हो। पिछले कुछ हफ्तों से दूसरा हुगली सेतु रखरखाव कार्य के लिए हर रविवार को बंद रहता है।
लालबाजार से गुरुवार को जारी एक अधिसूचना में कहा गया है कि पुल को निर्धारित समय, यानी रात 9 बजे के बाद आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा। इससे पहले, पिछले रविवार को भोर से कुछ घंटों के लिए पुल को बंद कर दिया गया था। विद्यासागर सेतु के रखरखाव के लिए जिम्मेदार एचआरबीसी पिछले कुछ हफ्तों से नियमित मरम्मत और रखरखाव का काम कर रहा है।
ये भी पढ़ें :- हावड़ा नगर निगम में करोड़ों के भ्रष्टाचार का आरोप
अधिकारियों ने बताया कि काम को और तेजी से और सुरक्षित रूप से पूरा करने के लिए इस सप्ताहांत भी वाहनों की आवाजाही लंबे समय तक बंद रखी जा रही है। कोलकाता पुलिस ने बताया कि इस दौरान यात्री वैकल्पिक मार्ग के रूप में हावड़ा ब्रिज का इस्तेमाल कर सकते हैं।
यातायात विभाग ने हावड़ा और कोलकाता के बीच यात्रा करने वाले वाहनों को भी अपने मार्ग की योजना पहले से बनाने की सलाह दी है। पता चला है कि पुलिस ट्रैफिक जाम से बचने के लिए अतिरिक्त निगरानी व्यवस्था भी करेगी।