सांकेतिक चित्र 
उत्तर प्रदेश

युवक की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या, 4 आरोपी गिरफ्तार

मारपीट में मृतक सोनू और उसका भाई घायल हो गए

Santosh Sharma

बलिया : उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में बिजली कनेक्शन को लेकर हुए विवाद में 25 वर्षीय व्यक्ति की कथित तौर पर लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार को बताया कि मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार दोपहर नगरा थाना क्षेत्र के सेमरी गांव में हुई, जब सोनू यादव अपने रिश्तेदार सुमेर यादव के घर के सामने बिजली के खंभे पर अपने घर की बिजली कनेक्शन का तार ठीक करने गया था।

प्राथमिकी के अनुसार, इसी दौरान सोनू और उसके भाई सुशील यादव का सुमेर और उसके परिवार के सदस्यों से विवाद हो गया, जिसके बाद उन पर लाठी-डंडों से हमला किया गया।

मारपीट में सोनू और उसका भाई घायल हो गए। दोनों को नगरा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में सोनू को जिला अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

युवक की मौत की खबर मिलने पर परिजनों और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर नगरा-गड़वार-बलिया मार्ग अवरुद्ध कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कठोर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद करीब एक घंटे में अवरोध समाप्त हुआ।

रसड़ा के पुलिस क्षेत्राधिकारी रजनीश कुमार ने बताया कि मृतक के एक रिश्तेदार अभिषेक यादव की तहरीर पर शैलेन्द्र यादव, उसके पिता सुमेर यादव, हरे राम यादव और राज कुमार यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

उन्होंने बताया कि आंधी-बारिश के कारण सोनू के घर की बिजली की आपूर्ति बाधित हो गयी थी। वह सुमेर के घर के सामने बिजली के खंभे पर अपने घर की बिजली कनेक्शन का तार ठीक कर रहा था, जिसका सुमेर और अन्य लोगों ने विरोध किया। इसी बात पर विवाद हुआ।

पुलिस ने बताया कि चारों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

SCROLL FOR NEXT