बलिया/एटा : उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में रविवार रात दीपावली की पूजा के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर एक परिवार पर किए गए हमले में नौ लोग घायल हो गए, जिनमें से तीन की हालत गंभीर है।
पुलिस के अनुसार, बैरिया थाना क्षेत्र में मिश्र के मठिया गांव में रविवार रात करीब आठ बजे लक्ष्मण यादव अपने परिवार के साथ दीपावली की पूजा कर रहा था। इसी दौरान गांव के ही सैनिक अवधेश यादव ने अपने परिजनों एवं अन्य लोगों के साथ मिलकर लक्ष्मण एवं उसके परिवार पर कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडों और लोहे की छड़ों से हमला कर दिया।
पुलिस ने बताया कि हमले में लक्ष्मण यादव, उसका भाई मुनन, भृगुनाथ, दीनबंधु, दीपक, जयप्रकाश, अजय, विजय और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए।
उन्होंने बताया कि घायलों को तत्काल सोनबरसा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से मुनन, भृगुनाथ और अजय यादव की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया।
थाना प्रभारी राजेंद्र प्रसाद सिंह ने सोमवार को बताया कि लक्ष्मण यादव की शिकायत पर 12 लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य आरोपों में नामजद मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।
इस बीच, एटा से मिली खबर के मुताबिक, रविवार रात करीब नौ बजे कांग्रेस के जिला कार्यालय के बाहर पार्टी के जिलाध्यक्ष हाजी आशिक हुसैन उर्फ भोले की कार में आग लग गई। उनकी गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। पुलिस और दमकल विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हुसैन ने आरोप लगाया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने निजी रंजिश के कारण उनकी कार में जानबूझकर आग लगाई है। उन्होंने इस घटना के पीछे साजिश होने का संदेह भी जताया।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आग पटाखे की चिंगारी से लगी थी या किसी ने जानबूझकर लगाई थी।