CM योगी आदित्यनाथ 
उत्तर प्रदेश

CM योगी बोले- उत्तर प्रदेश अब 'बीमारू' राज्य नहीं

एक मजबूत अर्थव्यवस्था वाला सूबा बनकर उभरा है

Santosh Sharma

बाराबंकी : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि उत्तर प्रदेश अब 'बीमारू' राज्य नहीं बल्कि एक मजबूत अर्थव्यवस्था वाला सूबा बनकर उभरा है।

मुख्यमंत्री ने 'हिंद केसरी' ब्रह्मलीन महंत बाबा हरिशंकर दास जी महाराज की पुण्य स्मृति में दुल्हदेपुर कुटी के श्रीराम जानकी मंदिर में आयोजित एक कार्यक्रम के अवसर पर कहा, उत्तर प्रदेश देश की तीन बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। उत्तर प्रदेश अब बीमारू राज्य नहीं, बल्कि मजबूत अर्थव्यवस्था वाला प्रदेश बनकर उभरा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा हरिशंकर दास जी महाराज संत स्वभाव के थे, वह हनुमान जी के परमभक्त और पहलवानी में पारंगत थे। उन्होंने सैकड़ों नौजवानों को धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनकी वाणी में सिद्धि थी। उनका आशीर्वाद इस क्षेत्र में बरस रहा है।

आदित्यनाथ ने बाराबंकी के महत्व का जिक्र करते हुए कहा कि भगवान लोधेश्वर महादेव का पवित्र धाम इसी जनपद में है। यह जिला हॉकी के महान खिलाड़ी के.डी. सिंह बाबू की जन्म स्थली है। यहां बाबा लोधेश्वर महादेव मंदिर में भव्य कॉरिडोर बनेगा। इसका कार्य शुरू होने वाला है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि केडी बाबू की हवेली बिक रही थी, लेकिन सरकार ने कहा कि वह बिकेगी नहीं, बल्कि सरकार उसका खर्चा देगी। हवेली में उनका स्मारक बनेगा और यहां खेल की नई एकेडमी बनायी जाएगी।

योगी ने कहा कि बाराबंकी जिला 84 कोसी परिक्रमा का हिस्सा भी बन रहा है और परिक्रमा मार्ग बनेगा तो यहां का विकास कई गुना बढ़ेगा, जिसके परिणामस्वरूप रोजगार की नयी संभावनाएं विकसित होंगी। स्टेट कैपिटल रीजन (एससीआर) के तहत बाराबंकी जिला भी आता है। यहां विकास के बड़े कार्यक्रम बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि रामसनेही घाट के पास बहुत बड़ा औद्योगिक क्षेत्र बनने जा रहा है, बाराबंकी के नौजवान को यहीं रोजगार मिलेगा। पौराणिक काल से इसका गौरवशाली अतीत रहा है। जब अतीत गौरवशाली है तो वर्तमान भी गौरवशाली होगा।

SCROLL FOR NEXT