बाघ ने चलती बाइक पर सवार दंपती पर अचानक हमला कर दिया 
उत्तर प्रदेश

चलती बाइक पर बाघ का हमला: पत्नी को बचाने के लिए बाघ से भिड़ गया पति

एक हफ्ते से बाघ की बढ़ती हलचल से दहशत में ग्रामीण, सड़क पर झपट्टा मारने की बढ़ती घटनाओं के बीच वन विभाग ने गश्त तेज की, लोगों को सतर्क रहने की सलाह

Goutam Ojha

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में रविवार दोपहर एक खौफनाक घटना सामने आई। बिछिया बैरियर से करीब 100 मीटर दूर पुलिया के पास एक बाघ ने चलती बाइक पर सवार दंपती पर अचानक हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उसे बचाने की कोशिश में पति भी चोटिल हो गए।

घात लगाकर बैठा था बाघ

कारीकोट-नरायनटाड़ा गांव निवासी जनार्दन (40) अपनी पत्नी सुशीला (30) के साथ बाइक से मिहींपुरवा जा रहे थे। तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे बाघ ने अचानक बाइक पर झपट्टा मार दिया। हमले के बाद बाइक असंतुलित होकर गिर गई और बाघ के हमले में महिला बुरी तरह घायल हो गई।

पत्नी को बचाने के लिए बाघ से भिड़ गया पति

पत्नी पर हमला होते देख जनार्दन ने हिम्मत दिखाते हुए बाघ का सामना किया। इस दौरान बाघ ने उन पर भी हमला करने की कोशिश की, जिससे वे भी घायल हो गए।

घटना के समय वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। भीड़ और आवाज सुनकर बाघ जंगल की ओर भाग गया, जिससे दंपती की जान बच सकी।

घायल महिला को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मिहींपुरवा ले जाया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद दोनों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।

एक हफ्ते से बढ़ी है बाघ की गतिविधि

स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से बिछिया बैरियर के आसपास बाघ की हलचल लगातार बढ़ रही है। कई बार वह राहगीरों और बाइक सवारों पर झपट्टा मार चुका है, जिससे इलाके में भय का माहौल है।

लगातार बढ़ते हमलों के बावजूद ठोस इंतजाम न होने से स्थानीय लोग दहशत में हैं। अब सवाल उठ रहे हैं कि आखिर कब तक इस तरह की घटनाएं होती रहेंगी और कब वन विभाग प्रभावी कदम उठाएगा।

वन विभाग अलर्ट, गश्त बढ़ाई गई

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और जंगल से सटे रास्तों पर आने-जाने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।

SCROLL FOR NEXT