नितिन नवीन। 
उत्तर प्रदेश

भाजपा अध्यक्ष ने राहुल को ‘अराजकतावादी मानसिकता’ का बताया

निर्वाचन आयोग पर प्रदर्शन को लेकर राहुल गांधी पर भाजपा का तीखा वार

Santosh Sharma

वाराणसी : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने निर्वाचन आयोग के खिलाफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी के प्रदर्शन को लेकर उन पर बृहस्पतिवार को निशाना साधा और आरोप लगाया कि उनकी ‘अराजकतावादी मानसिकता’ है तथा वह समाज में ‘जहर’ फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।

नवीन की यह टिप्पणी कांग्रेस नेता द्वारा बुधवार को ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं के प्रदर्शन का नेतृत्व करने और पुलिस द्वारा कई सांसदों के साथ उन्हें हिरासत में लिए जाने के बाद आई।

नवीन ने कहा, मैं केवल इतना कह सकता हूं कि उनकी मानसिकता ‘अराजकतावादी’ है और वे समाज में जहर फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। अगर उन्हें ऐसी आपत्ति थी तो केरल में भी चुनाव उसी निर्वाचन आयोग ने कराए थे। तमिलनाडु में भी चुनाव उसी निर्वाचन आयोग ने कराए थे, जहां वे सत्ता में आए हैं।

उन्होंने कहा, अगर राहुल गांधी में हिम्मत है तो उन्हें पहले इस्तीफा देना चाहिए। लोग देख रहे हैं कि वह किस तरह यह खेल खेल रहे हैं। नवीन ने नेता प्रतिपक्ष पर घुसपैठियों को संरक्षण देने का भी आरोप लगाया।

उन्होंने कहा, जो लोग अलग-अलग जगहों से भारत आते हैं और यहां के लोगों के अधिकार छीनते हैं, उनका विरोध किया जा रहा है। मेरा मानना है कि भारत के लोगों का देश के संसाधनों, संपत्ति और जमीन पर अधिकार है। हम घुसपैठियों को इन अधिकारों पर दावा नहीं करने देंगे।

नवीन ने कहा कि भाजपा भारत में ‘विदेशी मानसिकता’ वाले लोगों को बसाने की किसी भी कोशिश का हमेशा विरोध करेगी।

कांग्रेस, ‘द इंडियन एक्सप्रेस’ में प्रकाशित एक खबर के बाद मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है। खबर में कहा गया था कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों के दौरान कम से कम 14 बार आपत्ति जताई थी। इनमें से ज्यादातर आपत्तियां मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया से जुड़े फैसलों और आदेशों को लेकर थीं।

अपने दो चुनाव आयुक्तों द्वारा उठाई गई आपत्तियों को लेकर आलोचनाओं का सामना कर रहे निर्वाचन आयोग का कहना है कि किसी भी संस्थान में विचार-विमर्श के दौरान अलग-अलग राय होना सामान्य बात है तथा उसके सभी आदेशों को पूर्ण कानूनी समर्थन प्राप्त है और वे स्थापित वैधानिक प्रक्रियाओं के अनुरूप हैं।

इससे पहले नवीन ने यहां काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की और मंदिर कॉरिडोर के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, मैं नरेन्द्र मोदी जी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कॉरिडोर के लिए बधाई देता हूं। आपने करोड़ों सनातनियों की आस्था के केंद्र को बहुत भव्य और विशिष्ट रूप दिया है।

भाजपा की चुनावी तैयारियों के बारे में पूछे जाने पर नवीन ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता चौबीसों घंटे काम करते हैं।

उन्होंने कहा, भाजपा का कार्यकर्ता 24 घंटे, सातों दिन काम करता है। हमारे लिए हर दिन कामकाजी दिन है और हर दिन चुनाव का दिन है। हम उन लोगों में से नहीं हैं जो केवल चुनाव के समय आते हैं। हमारे कार्यक्रम, हमारा काम और लोगों के साथ हमारा संवाद पूरे साल जारी रहता है।

SCROLL FOR NEXT