सांकेतिक चित्र 
उत्तर प्रदेश

वाराणसी में पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग, मचा हड़कंप

आर्म्स तस्करों की दबिश के दौरान फायरिंग, सिपाही घायल

Santosh Sharma

वाराणसी : उत्तर प्रदेश के वाराणसी में पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग हो गई। इसमें एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस टीम पर उस समय गोलीबारी हुई, जब वह आर्म्स तस्करों पर दबिश देने पहुंची थी।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तीन बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया है। इस घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना के बाद कुछ तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

वहीं, इस मामले ने राजनीतिक रूप भी ले लिया है। इस पर कांग्रेस नेता अजय राय ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। यूपी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय राय ने इस मामले को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट शेयर की है।

उनका कहना है, वाह रे कानून-व्यवस्था के दावे ! आज माननीय गृह मंत्री अमित शाह जी लखनऊ में बैठकर यूपी की कानून-व्यवस्था को 'नंबर वन' और 'टॉप' बता रहे थे। ठीक उसी समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में बदमाशों ने खाकी को ही लहूलुहान कर दिया।

सिपाही अमित शुक्ला को गोली मारे जाने की यह घटना सीधे तौर पर गृह मंत्री जी के उन दावों पर करारा तमाचा है, जिसमें वे प्रदेश में क्राइम कंट्रोल होने का ढिंढोरा पीट रहे थे।

कांग्रेस नेता ने आगे कहा, जब देश के गृह मंत्री अमित शाह जी के दौरे के दिन ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के अपने गढ़ में अपराधी सरेआम गोलियां चला रहे हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का भगवान ही मालिक है !

बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में उपचाराधीन अमित शुक्ला जी के जल्द स्वस्थ होने की बाबा विश्वनाथ से कामना करता हूं। जुबानी जमा-खर्च से जनता को गुमराह करना बंद कीजिए, जमीन पर दिख रहा सच यह है कि उत्तर प्रदेश में अब अपराधी नहीं, बल्कि कानून बेबस है। फिलहाल, इस घटना को लेकर ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।

SCROLL FOR NEXT