सांकेतिक तस्वीर 
उत्तर प्रदेश

हाथरस में रेलवे ट्रैक पर कार खड़ी कर फरार, एक्सप्रेस ट्रेन ने मारी टक्कर; चार पर FIR

रामनगर-आगरा फोर्ट एक्सप्रेस से टकराकर क्षतिग्रस्त

हाथरस : हाथरस जिले के मुरसान में दो परिवारों के विवाद में रविवार देर रात एक परिवार की कार रेलवे ट्रैक पर खड़ी कर दी गई और उसे रामनगर-आगरा फोर्ट एक्सप्रेस ट्रेन ने टक्कर मार दी।

पुलिस के अनुसार गनीमत रही कि कार उस लाइन के बगल वाली पटरी पर थी, जिससे ट्रेन गुजर रही थी। बड़ा हादसा टल गया, वरना यात्रियों की जान जोखिम में पड़ सकती थी।

मुरसान थाना प्रभारी अरविंद सक्सेना ने बताया कि रतनलाल की तहरीर पर रात में ही 4 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। रेलवे अधिनियम के तहत अलग से कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के प्रभारी (हाथरस सिटी) रंजीत यादव ने बताया कि कार पटरी पर चढ़ाकर छोड़ दी गई थी। इस मामले में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। हादसा रात करीब 12 बजे हुआ। घटना के बाद ट्रेन सवा घंटे तक खड़ी रही। किसी यात्री को नुकसान नहीं पहुंचा। थाना पुलिस और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) मामले की जांच कर रही हैं।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मुरसान के मोहल्ला बोहरान निवासी रतन प्रसाद ने थाना मुरसान में तहरीर दी है। 24 मई रात करीब 11:15 बजे वह पत्नी सुमन देवी के साथ अर्टिगा कार से जट्टारी से घर लौट रहे थे। कस्बा मुरसान में एक स्कूल के पास पड़ोसी मोना ने गाड़ी रुकवाई। कार रोकते ही मोना और उसके साथी भानू व अंकित निवासी वैश्यान गली ने दंपती से गाली-गलौज व मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि जान से मारने की धमकी देकर तीनों कार लेकर भाग गए। इसी दौरान मोना का भाई शांतनु कौशिक उर्फ डेविड भी मौके पर पहुंचा और रतन से मारपीट, गाली-गलौज कर धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने कार मुरसान रेलवे स्टेशन के फाटक के पास रेलवे ट्रैक पर खड़ी कर दी और फरार हो गए।

मथुरा की ओर से आ रही रामनगर-आगरा फोर्ट एक्सप्रेस ने पटरी पर खड़ी कार को टक्कर मार दी जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। रतनलाल ने बताया कि 15-20 दिन पहले उनके बेटे का शांतनु उर्फ डेविड से विवाद हुआ था। तभी से डेविड रंजिश पाले हुए था और उन लोगों को जान से मारने की धमकी दे रहा था।

हादसे की सूचना पर रेलवे और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। रेलवे कर्मचारियों ने कार हटाकर ट्रैक साफ कराया, तब ट्रेन रवाना हो सकी। गेटमैन सूरज ने अधिकारियों को बताया कि वह केबिन में था, इसलिए कार के पटरी पर होने की जानकारी नहीं हो सकी।

SCROLL FOR NEXT