अंकित बालियान (फाइल फोटो) 
उत्तर प्रदेश

हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड : 2 शार्प शूटर मुठभेड़ में ढेर

हथियार-नकदी बरामद, आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि खंगालने की प्रक्रिया तेज

शामली : हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या में शामिल दो शार्प शूटरों को पुलिस ने शामली जिले में सोमवार तड़के मुठभेड़ में मार गिराया। यूट्यूबर और हरियाणवी गायक अंकित बालियान की बुधवार शाम शामली जिले में एक जिम के बाहर कुछ अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।

शामली के पुलिस अधीक्षक (एसपी) एनपी सिंह ने बताया कि अंकित बालियान हत्याकांड के 50-50 हजार रुपये के इनामी दो शार्प शूटर सोमवार तड़के पुलिस के साथ मुठभेड़ के दौरान घायल हो गए और बाद में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गयी। यह मुठभेड़ शामली कोतवाली क्षेत्र के कैराना रोड पर इंडियन गैस गोदाम के पास हुई।

एसपी ने बताया कि मुठभेड़ में मारे गए बदमाशों की पहचान मोहित (22) और सुमित (24) के रूप में हुई है। दोनों सोनीपत के रहने वाले थे। शामली कोतवाली पुलिस, थाना झिंझाना और स्वाट टीम की संयुक्त कार्यवाही में पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में की गई जवाबी गोलीबारी में दोनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गये। घायल बदमाशों को उपचार के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय, शामली ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों द्वारा दोनों को मृत घोषित कर दिया गया।

एसपी ने कहा कि घटना में स्वाट टीम के हेड कांस्टेबल हरविंदर और प्रदीप गोली लगने से घायल हुए हैं। घटनास्थल से पुलिस ने दो पिस्तौल, कारतूस, 30 बोर की एक पिस्तौल, एक मोटरसाइकिल, एक बैग, एक मोबाइल फोन और 5000 रूपये नगद बरामद किए।

सिंह ने बताया कि मामले में कोतवाली शामली पुलिस अग्रिम वैधानिक कार्यवाही कर रही है। हरियाणा में अभियुक्त मोहित के विरुद्ध करीब 14 अभियोग और सुमित के खिलाफ एक अभियोग पंजीकृत होने की जानकारी हुई है। साथ ही उनकी आपराधिक पृष्ठभूमि भी खंगाली जा रही है।

SCROLL FOR NEXT