बलिया : बलिया में पूर्व ग्राम प्रधान की सिर पर प्रहार कर कथित रूप से हत्या कर दी गई। बांसडीह क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक जयशंकर मिश्रा ने बताया कि सहतवार थाना क्षेत्र के उदहा गांव निवासी राम व्यास वर्मा गुरुवार रात अपने घर से करीब 400 मीटर दूर स्थित ट्यूबवेल पर सो रहे थे तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके सिर पर प्रहार कर उनकी हत्या कर दी।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया। ग्राम प्रधान रहे वर्मा समाजवादी पार्टी से भी जुड़े हुए थे।
मिश्रा ने बताया कि वर्मा के बेटे अजय कुमार वर्मा की तहरीर पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी हुई है।
इस बीच, सपा के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश विधानसभा में विपक्ष के पूर्व नेता राम गोविंद चौधरी ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि राम व्यास वर्मा बांसडीह विधानसभा क्षेत्र के उदहा ग्राम सभा के पूर्व प्रधान और पार्टी के वरिष्ठ नेता थे।
उन्होंने कहा, वर्मा जी की निर्मम हत्या की घटना ने झकझोर कर रख दिया है। यह केवल एक व्यक्ति की हत्या नहीं, बल्कि समाज के एक सम्मानित और जनप्रिय जनप्रतिनिधि पर कायराना हमला है।
चौधरी ने प्रशासन से मांग की कि इस जघन्य हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।