रेल  
उत्तर प्रदेश

अयोध्या और नेपाल के जनकपुर के बीच सीधी रेल सेवा शुरू

योगी ने कहा, अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा से भारत-नेपाल के सांस्कृतिक संबंधों को नई मजबूती

Santosh Sharma

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या और नेपाल के जनकपुर के बीच सीधी रेल सेवा की शुरुआत को दोनों देशों के सांस्कृतिक संबंधों में एक नया अध्याय करार दिया।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मित्र राष्ट्र नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह आज प्रभु श्री राम की पावन नगरी अयोध्या धाम और माता जानकी की जन्मस्थली जनकपुर धाम के मध्य सीधी रेल सेवा की शुरुआत करेंगे।

उन्होंने कहा, युगों से अक्षुण्ण भारत और नेपाल का यह आत्मीय एवं सांस्कृतिक संबंध अब आधुनिक रेल संपर्क से और अधिक सृदृढ़ होगा। यह ऐतिहासिक पहल प्रधानमंत्री के ‘विरासत भी, विकास भी और पड़ोसी प्रथम’ के संकल्प का जीवंत प्रमाण है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा, इससे दोनों देशों के करोड़ों श्रद्धालुओं की तीर्थ यात्रा सुगम होगी और धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक एकात्मता और क्षेत्रीय समृद्धि को भी नयी गति मिलेगी। अवध को मिथिला से एकाकार करने वाले इस पावन उपहार के लिए सभी रामभक्तों को ह्रदय से बधाई।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के उनके समकक्ष बालेंद्र शाह सोमवार को अयोध्या से जनकपुर धाम के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी और बालेंद्र शाह दिल्ली से डिजिटल माध्यम से ट्रेन को रवाना करेंगे।

अधिकारियों ने बताया कि यह रेल सेवा 28 नवंबर से यात्रियों के लिए शुरू होगी और अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के बीच करीब 604 किलोमीटर की दूरी लगभग 19 घंटे में तय की जा सकेगी। यह सेवा सप्ताह में एक दिन उपलब्ध रहेगी।

अवध और मिथिला को करीब लाने वाली इस रेल सेवा को एक उपहार बताते हुए योगी आदित्यनाथ ने राम भक्तों को ह्रदय से बधाई धी। सरयू-कमला एक्सप्रेस में 17 कोच एलएचबी (लिंक हॉफमैन बुश) होंगे जिसमें आठ एसी कोच, सात स्लीपर क्लास कोच, एक एसएसएलआरडी कोच और एक एलडब्लूएलआरआरएम कोच शामिल है।

अयोध्या कैंट से यह ट्रेन प्रत्येक सोमवार शाम 5:50 बजे रवाना होगी और मंगलवार को दोपहर 12:40 बजे जनकपुर धाम पहुंचेगी। यह ट्रेन मानकपुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिशो, मधुबनी और जयनगर से होकर गुजरेगी। वापसी में यह ट्रेन प्रत्येक शनिवार को दोपहर 1:10 बजे जनकपुर धाम से चलेगी और रविवार सुबह 8:10 बजे अयोध्या पहुंचेगी।

SCROLL FOR NEXT